
चाईबासा, 20 जून 2026: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस), शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त सहयोग से जिले में नशा मुक्ति अभियान के तहत विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता रैली एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान रैलियों, नुक्कड़ नाटकों एवं जागरूकता वाहनों के माध्यम से आमजनों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दीदियां, ग्राम संगठन (वीओ) के सदस्य, जेंडर सीआरपी, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, साहिया एवं अन्य सामुदायिक कैडरों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

जागरूकता रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के कारण परिवार, समाज एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी दी गई। वहीं विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में नुक्कड़ नाटकों के जरिए नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। जागरूकता वाहन द्वारा भी नशामुक्ति के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा अपने गांव और समुदाय को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने, समाज में जागरूकता फैलाने और अवैध मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई।
जिला प्रशासन ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान का उद्देश्य समाज में व्यापक जनजागरूकता पैदा कर नशे की समस्या के उन्मूलन हेतु सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से स्वयं नशामुक्त रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
