
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिला के नवीनगर नगर पंचायत द्वारा बुधवार को गौतम बुद्ध नगर भवन में वार्ड संख्या 13 एवं 14 के नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नगरवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं, जिनके त्वरित निष्पादन का भरोसा दिया गया। सहयोग शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत चेयरमैन प्रियंका सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी ई. किशोर भारती, नवीनगर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय तथा सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अजय प्रसाद, मंजूषा सिंह एवं रितेश कुमार उर्फ मुरारी सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत में नगरवासियों का स्वागत किया गया तथा शिविर के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर पंचायत का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि “जनसेवा, जनसुनवाई और जनसमाधान” की भावना के साथ इस सहयोग शिविर का आयोजन किया गया है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। शिविर में वार्ड 13 एवं 14 के लोगों ने साफ-सफाई, जलनिकासी, नाली निर्माण, सड़क मरम्मत,

पेयजल आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई लोगों ने मोहल्लों में नियमित सफाई एवं जलजमाव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। चेयरमैन प्रियंका सिंह एवं कार्यपालक पदाधिकारी ई. किशोर भारती ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादित किया जाएगा, जबकि लंबित मामलों को भी तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने भी लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा नगर विकास में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
वहीं सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से बताया गया कि आने वाले दिनों में अन्य वार्डों में भी इसी प्रकार सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर किया जा सके। सहयोग शिविर शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
