
सरायकेला : ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने शुक्रवार को कुकड़ू प्रखंड का दौरा कर हाथी हमले में मारे गए मुनिराम गोराई के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने पीड़ित परिवार को श्राद्धकर्म के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के कुकड़ू गोराई टोला निवासी मुनिराम गोराई की बीते रविवार रात जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई थी। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

विधायक सविता महतो ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में हाथियों के उत्पात से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
इसी क्रम में विधायक ने कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में पूर्व में हुए हाथी हमले के मृतक के परिजन सुभद्रा महतो को साढ़े तीन लाख रुपये का मुआवजा चेक सौंपा। साथ ही घायल बड़ालापांग निवासी सनका महतो, सिरुम निवासी भानु वाला कुम्हार एवं पीलीद निवासी राजू स्वांसी को 25-25 हजार रुपये के मुआवजा चेक का वितरण किया।
विधायक ने वन विभाग से गांवों के आसपास गश्त बढ़ाने, सोलर फेंसिंग लगाने और ग्रामीणों को जागरूक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनानी होगी। इस दौरान प्रखंड प्रमुख, मुखिया और वन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
