• Sat. Feb 14th, 2026

चाईबासा : अशोक जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता, 2025-26

admin's avatar

Byadmin

Feb 7, 2026

 

 

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए मैच में चाईबासा क्रिकेट क्लब ने चक्रधरपुर के देवेंद्र माँझी क्रिकेट क्लब को 47 रनों से पराजित कर क्वार्टर फाईनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अब क्वार्टर फाईनल में चाईबासा क्रिकेट क्लब का मुकाबला 9 फरवरी को टॉउन क्लब चाईबासा और एस आर रूंगटा ग्रुप के विजेता के बीच खेले जाने वाले मैच के विजेता से 14 फरवरी को होगा।

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चाईबासा क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित तीस ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 253 रनों का स्कोर खड़ा किया। पारी की शुरुआत करने आए साकेत कुमार सिंह ने आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों पर बारह चौके एवं पाँच छक्के की मदद से 95 रन बनाए और मात्र पाँच रन के अंतर से शतक बनाने से चूक गया। मध्यम क्रम में राहुल राज ने तेज बल्लेबाजी करते हुए मात्र 33 गेंदों पर सात चौके एवं छः छक्के की मदद से 76 रन ठोक जबकि कप्तान मनु राज ने पाँच चौके एवं दो छक्के की सहायता से 55 रनों की बेहतरीन पारी खेली। देवेंद्र माँझी क्रिकेट क्लब की ओर से ओम मंडल ने 35 रन देकर दो तथा विप्लव कुमार मंडल ने 49 रन देकर दो विकेट हासिल किए। रोहन पासवान एवं आदित्य कुमार यादव को एक-एक सफलता हाथ लगी।

जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवेंद्र माँझी क्रिकेट क्लब की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरे तीस ओवर खेलकर नौ विकेट के नुकसान पर 206 रन ही जुटा पाई और 47 रनों के अंतर से मैच गंवा कर प्रतियोगिता से बाहर हो गई। हलांकि पारी की शुरुआत करने आए टीम के कप्तान ओवैस अंसारी ने ग्यारह चौके एवं दो छक्के की सहायता से 75 रन बनाकर टीम को जीताने का भरसक प्रयास किया परंतु उसके आउट होने के बाद मध्यमक्रम के बल्लेबाजों की असफलता ने टीम की लुटिया डुबो दी। मध्यमक्रम में रोनित थापा ने 35 तथा आदित्य कुमार यादव ने 18 रन बनाकर कुछ हद तक प्रतिरोध किया पर उनका ये प्रयास नाकाफी साबित हुआ। अन्य बल्लेबाजों में विप्लव कुमार मंडल एवं गोपी तांती ने 12-12 रन तथा पवन शर्मा ने 11 रन जोड़े। चाईबासा क्रिकेट क्लब की ओर से विकास रजक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 42 रन देकर चार विकेट चटकाए। तेज गेंदबाज़ सत्यम सिंह को दो तथा पियुष त्यागी एवं राहुल राज को एक-एक सफलता हाथ लगी जबकि एक खिलाड़ी रन आउट का शिकार हुआ।

अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में कल एम० सी० सी० चाईबासा का मुकाबला लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर से होगा।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *