
सरायकेला। सरायकेला-खरसावाँ जिला पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय चोरों के एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ‘कालू सरदार गैंग’ के सरगना सुजीत कुमार शर्मा उर्फ कालु सरदार और उसके एक सहयोगी सागर मुंडा को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में गिरोह में शामिल तीन विधि विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है। यह गैंग झारखंड के कोल्हान प्रमंडल समेत पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी चोरी की दर्जनों घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
*चोरी की घटनाओं के बाद बनी विशेष टीम*
पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावाँ को राजनगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की शिकायतों की जानकारी मिल रही थी। हाल ही में राजनगर थाना कांड संख्या 111/2025 दर्ज किया गया था, जिसमें लोधा निवासी आशीष कुमार महान्ती की मोबाइल रिपेयरिंग दुकान और नरेश चंद्र प्रधान की मेडिकल दुकान से नकदी, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की चोरी हुई थी। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
*तकनीकी सहयोग से धरा गया गिरोह*
राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा के नेतृत्व वाली टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बागबेड़ा (पूर्वी सिंहभूम) निवासी सुजीत कुमार शर्मा (34 वर्ष) और सागर मुंडा (23 वर्ष) को धर दबोचा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि सुजीत कुमार शर्मा ही इस गिरोह का मुखिया है। यह गिरोह झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावाँ, पश्चिम सिंहभूम और ओडिशा के मयूरभंज जिले में बंद दुकानों और घरों के ताले तोड़कर चोरी करता था।
*अपराधिक इतिहास और बरामदगी*
पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना सुजीत कुमार शर्मा एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पहले से 33 मामले दर्ज हैं। वहीं, सागर मुंडा का भी अपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर भारी मात्रा में सामान बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं:
चोरी के मोबाइल और दुकानदार का आधार कार्ड। चांदी के पायल और 3000 रुपये नकद। ताला तोड़ने के औजार (लोहे का कटर, सलाई रिंच, नट-बोल्ट)।अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
*सफलता में इनका रहा योगदान*
इस सफल उद्भेदन में राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा, अनुसंधानकर्ता नंदजी राम गोंड, पु.अ.नि. यशवंत कुमार, तकनीकी शाखा के कर्मी और राजनगर थाना सशस्त्र बल की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य संपर्कों और अन्य जिलों में दर्ज मामलों की छानबीन कर रही है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
