• Fri. Feb 13th, 2026

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ आयोजन…*

admin's avatar

Byadmin

Jan 26, 2026

सरायकेला : 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता के उद्देश्य से बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में दो मैचों वाले मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में प्रशासन-11 एवं मीडिया-11 की टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजित दोनों मैचों में प्रशासन-11 की टीम ने विजय प्राप्त की। प्रतियोगिता के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की जोड़ी ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई।

 

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर इस प्रकार के खेल आयोजनों का उद्देश्य खेल-कूद के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठे व्यक्ति—दोनों के लिए मानक हेलमेट का प्रयोग तथा चारपहिया वाहन में सीट-बेल्ट का उपयोग केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का अनिवार्य उपाय है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत संचालित अभियानों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन तक सही संदेश पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

 

पुलिस अधीक्षक ने अपने वक्तव्य में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण यातायात नियमों की अवहेलना है। उन्होंने मदिरापान कर वाहन चलाने को एक गंभीर दंडनीय अपराध बताते हुए इसके दुष्परिणामों के प्रति आमजन को सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु “शून्य सहनशीलता” की नीति को प्रभावी रूप से लागू करना आवश्यक है, जिससे दुर्घटनाओं में होने वाली जन-हानि को रोका जा सके।

 

अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा खेल भावना के साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति भी जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करने की अपील की।

 

कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न संस्थानों के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मीडिया प्रतिनिधियों ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा की जा रही गतिविधियों की सराहना की तथा इस अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विभिन्न मीडिया माध्यमों के जरिए अपने घर, आसपास एवं समाज के व्यापक वर्ग तक सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मीडिया प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से प्रशासन एवं पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय सुदृढ़ होता है, जिससे कार्य करने की ऊर्जा एवं प्रभावशीलता बढ़ती है। साथ ही, कार्यक्रम में सहभागिता के लिए उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।

 

कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आम जनमानस को सड़क सुरक्षा जागरूकता की शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने यातायात नियमों का पालन करने एवं सड़क सुरक्षा को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *