• Mon. Feb 16th, 2026

बिहार राज्य महिला आयोग सदस्य पिंकी कुशवाहा का लखीसराय में भव्य स्वागत: “मुंगेरीलाल का हसीन सपना मैंने कर दिखाया

admin's avatar

Byadmin

Jul 12, 2025

 

 

लखीसराय (सुजीत कुमार): बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य चुनी जाने के बाद पिंकी कुशवाहा का लखीसराय जिले के चानन प्रखंड में आगमन पर शुक्रवार, 10 जुलाई को मननपुर स्टेशन परिसर के नजदीक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संग्रामपुर पंचायत के मुखिया दीपक सिंह की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में पिंकी कुशवाहा का लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। दोपहर करीब दो बजे लखीसराय सर्किट हाउस पहुंचने पर पंचायत से आए लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया, जिसके बाद गाड़ियों के काफिले के साथ वे शाम चार बजे मननपुर पहुंचीं।

 

समारोह से पूर्व, पिंकी कुशवाहा ने मलिया स्थित बाबा भोलेनाथ मंदिर और मननपुर के माता दुर्गा मंदिर में आशीर्वाद लिया। समारोह में उपस्थित लोगों ने माला और बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया, वहीं कई वक्ताओं ने पिंकी कुशवाहा की जमकर प्रशंसा की।

 

मुखिया दीपक सिंह ने पिंकी कुशवाहा को ‘नारी शक्ति’ का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने वह सब कर दिखाया है जो एक महिला कर सकती है। उन्होंने समाज में महिलाओं की समस्याओं के निदान में उनकी भूमिका को अहम बताया। नौनगढ़ की मुखिया जूली देवी ने पिंकी कुशवाहा को महिला आयोग का सदस्य बनने पर विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब महिलाओं की समस्याओं को महिला आयोग तक आसानी से पहुंचाया जा सकेगा, जिससे उन्हें न्याय और सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने इस उपलब्धि को केवल चानन क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे जिले, खासकर जिले की महिलाओं के लिए गर्व की बात बताया।

 

पिंकी कुशवाहा ने अपने संबोधन की शुरुआत “भारत माता की जय” और “जय-जय श्री राम” के नारों के साथ की। उन्होंने संग्रामपुर पंचायत के मुखिया दीपक सिंह और कार्यक्रम का संचालन कर रहे ईंटोंन पंचायत के पूर्व मुखिया परशुराम यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नोनगढ़ मुखिया जूली देवी, इटौन पंचायत समिति बेबी देवी, वार्ड सदस्य फूलन देवी, मलिया मुखिया डब्लू पासवान, संग्रामपुर पंचायत समिति निरंजन पासवान सहित सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और मीडिया का भी धन्यवाद किया।

 

पिंकी कुशवाहा ने कहा कि पंचायत समिति से प्रमुख और फिर बिहार प्रदेश तक का उनका सफर लोगों के स्नेह और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। उन्होंने बताया कि राज्य महिला आयोग के सदस्य का पद राज्य मंत्री के दर्जे के समान है और उनका मुख्य कार्य महिलाओं से संबंधित घरेलू हिंसा और अन्य दुर्व्यवहार के मामलों का निष्पादन करना है। उन्होंने जोर दिया कि यदि किसी कार्यालय में किसी महिला को सम्मान नहीं मिल रहा है, तो वह न्याय के लिए महिला आयोग का दरवाजा खटखटा सकती है।

 

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से बंद पड़ा महिला आयोग अब सक्रिय हो गया है और लगभग 4000 लंबित मामलों को ‘आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और आरक्षी अधिकारियों के साथ मिलकर शिविर लगाकर निपटाया जा रहा है। उन्होंने खुशी व्यक्त की कि लखीसराय में ऐसे मामलों की संख्या कम है। चानन प्रखंड को पहले पिछड़ा माना जाता था, लेकिन अब यह विकसित हो रहा है और इसे और विकसित करने की आवश्यकता है।

 

पिंकी कुशवाहा ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई कि वे छोटे से पद पर रहते हुए भी अपने क्षेत्र की जनता के लिए कर्तव्यनिष्ठा से काम करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि आज पूरा दल एक माला में पिरोकर उनका अभिनंदन और सम्मान कर रहा है, जो उनके लिए गर्व की बात है और यह जिम्मेदारी को दोगुना करता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यदि वे ईमानदारी और सच्चाई से काम करेंगी तो एक बड़ा जनसमूह उनके साथ खड़ा होगा। उन्होंने अपने बयान “मुंगेरीलाल का हसीन सपना मैंने कर दिखाया” से अपनी उपलब्धि को रेखांकित किया। उन्होंने चानन में उद्योग स्थापित करने और श्रृंगी ऋषि धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की अपनी इच्छा भी व्यक्त की।

 

इस सम्मान समारोह में नरेश कुशवाहा, पंचायत समिति प्रतिनिधि बजरंगी साव, अरविंद कुमार वर्मा, मलिया के वर्तमान मुखिया डब्लू पासवान, सोनू सिन्हा, भुनेश्वर यादव, सुजीत कुमार साव, लक्की वर्मा, संग्रामपुर पंचायत समिति निरंजन पासवान, इटौन पंचायत समिति बेबी देवी, नौनगढ़ मुखिया प्रतिनिधि दिलीप कुमार, संजय महाराज और ऑन लाइन क्लासेज के छोटू कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *