• Fri. Jan 2nd, 2026

बिहार में होगी वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, 2024 का आयोजन,

ByAdmin Office

Oct 6, 2024

 

 

बिहार में पहली बार होनेवाली वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, 2024 के ‘लोगो’ डिजाइन और ‘शुभंकर’ का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आवरण हटाकर अनावरण किया। इस अवसर पर खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, खेल विभाग के प्रधान सचिव डॉ० बी० राजेन्दर, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, खेल विभाग के निदेशक महेंद्र कुमार, हॉकी इंडिया के सेक्रेट्री जेनरल भोलानाथ सिंह, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सेलेमा टेटे, उपकप्तान नवनीत कौर सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण ने मुख्यमंत्री को बताया कि वीमेंस एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी बिहार कर रहा है। इसका आयोजन 11 से 20 नवंबर के बीच राजगीर के खेल स्टेडियम में किया जाएगा। इसमें छह देशों भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की महिला हॉकी की टीमें भाग लेंगी। इस प्रतियोगिता का शुभंकर ‘गुड़िया’ बिहार की राज्य पक्षी गौरैया से प्रेरित है। गुड़िया के हाथ में हॉकी स्टीक हॉकी प्रतियोगिता का प्रतीक चिह्न है तथा हाथ में गोलकीपर का दस्ताना और बचाव की मुद्रा एक गोलकीपर के अंदर सतर्कता, स्फूर्ति एवं सुरक्षा के रणनीतिक गुणों को प्रतिबिंबित करता है। पास में पूरी टीम के लिए रखी एक गेंद खेल भावना के साथ मिलकर खेलने की अनिवार्यता को दर्शाता है। यह प्रतियोगिता महिला हॉकी खिलाड़ियों की है इसलिए महिला सशक्तीकरण में बिहार सरकार की प्राथमिकता और प्रतिबद्धता को पुष्ट करने के लिए गौरेया के प्रतीक के रूप में गुड़िया का शुभंकर चुना गया है। इस प्रतियोगिता के ‘लोगो’ का डिजाइन गौरवशाली बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक ऐतिहासिक विरासत और सर्वांगीण प्रगति का प्रतीक है। बोधि वृक्ष और हॉकी स्टिक को लोगो के रूप में रखा गया है। बोधि वृक्ष ज्ञान शक्ति, स‌द्भाव, सहिष्णुता और विकास का प्रतीक है जो बिहार के समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक इतिहास से लोगों को जोड़ता है। ‘हॉकी स्टिक’ भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी का प्रतीक है।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि वीमेंस एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी, 2024 का आयोजन राजगीर में किया जा रहा है। राजगीर में भव्य खेल स्टेडियम बनाया गया है। मैं भारतीय महिला हॉकी टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता हूं और अन्य देशों से आनेवाली खिलाड़ियों का स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि बाहर से आनेवाले लोगों के लिए बेहतर ढंग से सारा इंतजाम कराएं। सुविधा में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सभी अतिथियों की मेहमाननवाजी अच्छे ढंग से करें। जिससे वे बिहार के बारे में अच्छा अनुभव लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन सफल हो। इसके लिए हरसंभव प्रयास और सहयोग राज्य सरकार करेगी।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *