
रांची : झारखंड में सिपाही भर्ती के लिए दौड़ के दौरान 12 अभ्यर्थियों की जान चली गई। इस घटना के बाद भर्ती प्रक्रिया पर सीएम हेमंत सोरेन ने 3 से 5 सितंबर तक के लिए रोक लगा दी है। दरअसल, अभ्यर्थियों को 60 मिनट में 10 किलोमीटर तक दौड़ना होता है। ऐसे में अब झारखंड सरकार दौड़ की इस प्रक्रिया में बदलाव करने जा रही है। पुलिस विभाग अब दूरी और समय दोनों कम करने जा रही है। सरकार के समक्ष पुलिस विभाग ने दो विकल्प रखे हैं।

अब नहीं दौड़ना होगा 10 किलोमीटर
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस विभाग अब सिपाही भर्ती के लिए 5 से 6 मिनट में 1.6 किलोमीटर या 5 किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में पूरी करने का मानक तय करने जा रही है। यानी अब अभ्यर्थियों को 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी नहीं करनी होगी। झारखंड पुलिस के एक डीआईजी रैंक के अधिकारी ने बताया कि सरकार को इन दोनों विकल्पों के बारे में बताया गया है।

सेना और अर्धसैनिक बलों से मिलते-जुलते मानक
रिपोर्ट के मुताबिक, नियमों में यह बदलाव आने वाली परीक्षाओं और भर्तियों में लागू होंगे। दरअसल, पुलिस विभाग ने झारखंड सरकार को दो विकल्प दिए हैं। इनमें से किसी एक को लागू किया जाएगा। गौरतलब है कि भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए 5.45 मिनट में 1.6 किलोमीटर दौड़ना होता है। वहीं महिलाओं को इसके लिए साढ़े सात मिनट का समय मिलता है। वहीं अर्धसैनिक बलों के लिए 5 किलोमीटर की दौड़ 24 मिनट में पूरी करनी होती है। वहीं महिलाओं के लिए मानक अलग है। उन्हें साढ़े आठ मिनट में 1.6 किलोमीटर दौड़ना होता है।
भविष्य की भर्तियों पर लागू होंगे नियम
गौरतलब है कि झारखंड में चल रही सिपाही भर्ती की प्रक्रिया करीब 80 फीसदी पूरी हो चुकी है। इस दौरान 12 अभ्यर्थियों की मौत के बाद देशभर में दौड़ के मानकों पर चर्चा हो रहा है। इसमें जरूरी बदलाव की बात की जा रही है। हालांकि सिपाही भर्ती की बची हुई 20 फीसदी प्रक्रिया पुरानी मानकों पर ही होगी। नियमों में जो बदलाव किए जाएंगे वह आगामी भर्तियों पर लागू होगा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
