• Mon. Apr 6th, 2026

राजकमल स्कूल में लगी पुलिस की पाठशाला, बच्चों को पढ़ाया गया सफलता और अनुशासन का पाठ

Admin Office's avatar

ByAdmin Office

Aug 12, 2024
crescent ad

 

 

जन जागरुकता अभियान के तहत धनबाद पुलिस की अनोखी मुहिम *‘’पुलिस की पाठशाला’* लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बैंक मोड़ थाना अनंगर्त राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर में धनबाद पुलिस विभाग की तरफ से जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। अभियान के तहत राजकमल स्कूल के छात्र छात्राओं के साथ यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशे से बचाव एवं घरेलु हिंसा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

‘’पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदीप पी जनार्दनन मौजूद रहे। अभियान के तहत पुलिस विभाग के वरीय अधिकारियों ने राजकमल के छात्र छात्राओं और शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्हें कानून के विभिन्न पहलुओं से जागरुक कराया। एसएसपी महोदय श्री हृदीप पी जनार्दनन ने शिविर को संबोधित करते हुए समाज को सुरक्षित बनाने के लिए छात्रों से जागरुक रहने की अपील की और देश में लागू हुए तीन नए कानूनों की जानकारी भी दी l

 

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि धनबाद पुलिस जनता की सुरक्षा को लेकर हमेशा ही गंभीर रही है। यही वजह है कि पुलिस की हर मुहिम को समाज के हर वर्ग का निरंतर सहयोग मिलता रहा है और ऐसे में अगर विद्यार्थी अपने अधिकार एवं कर्तव्यों को लेकर सजग रहेंगे तो काफी हद तक समाज से बुराईयों को खत्म किया जा सकता है। एसएसपी महोदय ने कहा कि सफलता की शुरुआत अनुशासन से ही होती है लिहाजा छात्रों को एक बेहतर नागरिक की मिसाल पेश करनी होगी तभी जीवन के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है l

 

अपने सम्बोधन में वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि पुलिस के द्वारा किए जा रहे सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों से छात्र- छात्राओं को जोड़ दिया जाए तो इसके दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे। छात्र-छात्राओं को जिस तरह की शिक्षा दी जाएगी उनका भविष्य निर्माण भी उसी प्रकार होगा। यही वजह है कि साइबर अपराध के शिकार होने से बचाव, नशे से दूरी, यातायात नियमों की जानकारी समेत आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए धनबाद पुलिस ने विशेष पहल करते हुए पुलिस की पाठशाला अभियान के लिए स्कूलों और कॉलेजों को चुना है।

 

एसएसपी महोदय ने बच्चों से पढ़ाई के साथ साथ खेलकूद व सेहत की तंदरुस्ती पर भी ध्यान देने को कहा l अपने छात्र जीवन के निजी अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने असफलताओं से डटकर मुकाबला करने की सलाह दी l एसएसपी महोदय ने वहां मौजूद छात्र – छात्राओं को सुरक्षा की गारंटी देते हुए कहा कि कभी भी किसी तरह की समस्या पर वे सीधे पुलिस से डायल 112 के जरिए सम्पर्क कर सकते हैं, पुलिस की टीम ससमय मदद को पहुंचेगी । साइबर अपराध के शिकार होने पर उन्होंने 1930 डायल कर शिकायत दर्ज कराने को कहा l

 

वरीय पुलिस अधीक्षक ने वहां मौजूद छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र अवस्था जीवन का अहम काल होता है लिहाजा इस उम्र में भटकाव से बचने के लिए छात्र-छात्राओं में कानून और नियमों की जानकारी होनी अति आवश्यक है। एसएसपी महोदय ने अपने निजी जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए बच्चों के कई सवालों के जवाब भी दिए l

 

कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय श्री संदीप गुप्ता ने साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को देखते हुए अपने संबोधन में कहा कि इंटरनेट व मोबाइल द्वारा दिए हुए किसी भी लालच में न आएं और कोई भी अनजान वेबसाइट व अन्य लिंक पर क्लिक न करें।

 

उन्होंने मोबाइल व इंटरनेट के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने की अपील करते हुए बच्चों को यथासंभव मोबाइल के कम उपयोग की बात कही l उन्होंने बच्चों से अपील करते हुए कहा कि सभी बच्चे अपने सोशल मीडिया ऐप को सुरक्षित रखें और पासवर्ड समय समय पर बदलते रहें। उन्होंने मनोरंजन के लिए सोशल मीडिया के कम उपयोग करने और किसी अनजान शख्स से वर्चुअल दोस्ती न करने की सलाह भी दी। मौजूदा वक़्त में आर्टिफिशल इंटेलिजेंस के बढ़ते खतरे को देखते हुए उन्होने बच्चों को बेहद सतर्क रहने को कहा, साथ ही अपनी निजी गतिविधियों की जानकारी सोशल मीडिया पर अपडेट न करने की अपील भी की l

 

उन्होने बच्चो को भरोसा दिलाया की धनबाद पुलिस सभी की सुरक्षा को लेकर संकल्पित है l उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य महिला एवं बाल अपराध के उन्मूलन में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना, छात्र- छात्राओं के लिए समाज में सुरक्षित वातावरण तैयार करना भी है। उन्होंने अपने सॉम्बोधन के दौरान बच्चों को सफलता के काई टिप्स भी दिए l

 

कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपाधीक्षक यातायात श्री अरविंद सिंह ने छात्र छात्राओं को यातायात नियमों से जुड़ी जानकारी देते हुए सुरक्षा से जुड़े तमाम पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने वहां मौजूद बच्चों से सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के सख्ती से पालन करने की अपील की।

 

उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं अगर जागरुक होंगें तो वे अपने परिवार और आस-पास के लोगों को भी यातायात नियमों के अनुपालन के लिए प्रेरित करेंगे। ट्रैफिक डीएसपी ने बालिग़ छात्रों से वाहन चलाते वक्त हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गाड़ी को सुरक्षित पार्क करने, ड्राइविंग लाइसेंस समेत सभी जरुरी कागजातों को साथ रखने की बात कही । इसके अलावा नाबालिक बच्चों को गाड़ी न चलाने की अपील भी की l

 

पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में एसएसपी श्री ह्रदीप पी जनार्दनन, डीएसपी मुख्यालय श्री संदीप गुप्ता, डीएसपी ट्रैफिक श्री अरविंद सिंह, बैंक मोड़ थाना प्रभारी श्री लव कुमार, राजकमल के प्रिंसिपल श्री एस के मिश्रा समेत कई शिक्षक और सैकड़ो की संख्या में स्कूल के बच्चे मौजूद थे l


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *