

धनबाद/झरिया:

झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी द्वारा झरिया विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त पानी एवं बिजली की घोर किल्लत को लेकर आगामी 11 मई को सुबह 11 बजे धनबाद उपायुक्त कार्यालय घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आज झरिया स्थित बिहार बिल्डिंग कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रागिनी सिंह ने की।
यह प्रदर्शन नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। बैठक में झरिया विधानसभा के विभिन्न मंडलों के भाजपा कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान झरिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार बनी हुई पानी एवं बिजली संकट की समस्या को लेकर व्यापक चर्चा की गई। जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन को मजबूत एवं प्रभावी बनाने, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र स्तर पर जनसंपर्क अभियान तेज करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया विधानसभा की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की समस्या से जूझ रही है। पानी और बिजली की लगातार हो रही किल्लत से आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन सरकार और प्रशासन इस ओर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने के लिए भाजपा द्वारा उपायुक्त कार्यालय घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल एवं बिजली संकट से परेशान जनता को न्याय दिलाने हेतु भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ आंदोलन में शामिल होंगे और जनहित की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
विधायक रागिनी सिंह का बयान:
“झरिया विधानसभा क्षेत्र में पानी और बिजली की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार और प्रशासन संवेदनहीन बने हुए हैं। 11 मई को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी जी के नेतृत्व में होने वाला प्रदर्शन जनता की आवाज़ बनेगा। हम सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ इस आंदोलन को सफल बनाएंगे।”
इस दौरान मुख्य रूप से उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, दिलीप भारती, सुनील पासवान, वीरेंद्र वर्मा, मनोज प्रसाद राज किशोर जेना सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
