
बेरमो/बोकारो थर्मल-
सीसीएल की सवांग कोलियरी स्थित स्टोर से करीब डेढ़ टन स्क्रैप लोहा चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना 28 सितंबर की रात्रि पाली की बताई जा रही है। मामले में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा प्रहरी गोबेर राम को प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए आरोप-पत्र जारी किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविन्दपुर फेस-2 में पदस्थापित सुरक्षा प्रहरी गोबेर राम की ड्यूटी 28 सितंबर को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक सवांग कोलियरी स्टोर में थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने स्टोर के शेड-सी के उत्तर दिशा स्थित खिड़की का रड काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 1.5 टन स्क्रैप लोहा चोरी कर लिया।

आरोप है कि घटना की जानकारी ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा प्रहरी ने समय पर अपने वरीय अधिकारी या संबंधित प्रबंधन को नहीं दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए परियोजना पदाधिकारी, सवांग कोलियरी ने 29 सितंबर को पत्रांक पीओ/सवांग/डी.सी./2026/2746 के माध्यम से गोबेर राम को निलंबित कर दिया।
प्रबंधन ने कार्रवाई को कार्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता से जोड़ते हुए कंपनी के प्रमाणित स्थायी आदेश की धारा 26-1, 26-5 और 26-22 के तहत आरोप लगाए हैं। निलंबित कर्मी को तीन दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उन्हें बिना अनुमति कोलियरी क्षेत्र से बाहर नहीं जाने तथा प्रतिदिन सुबह 7 बजे खान प्रबंधक कार्यालय, गोविन्दपुर फेस-2 में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का भी निर्देश दिया गया है।
घटना के बाद सवांग कोलियरी के स्टोर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, चोरी की घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता या किसी गिरोह के सक्रिय होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अब प्रबंधन की कार्रवाई और जांच के बाद ही चोरी की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
