
झरिया। श्री राणी सती मंदिर, झरिया में भादों अमावस्या महोत्सव का आयोजन 8 से 11 सितंबर तक धूमधाम से किया जाएगा। चार दिवसीय महोत्सव को लेकर मंदिर प्रबंधन की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। महोत्सव के दौरान मेहंदी उत्सव, मंगल पाठ, 56 भोग, विशाल कलश एवं निशान शोभायात्रा, अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योत तथा भजन-कीर्तन सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में शामिल होने के लिए झरिया के अलावा आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
8 सितंबर, मंगलवार को मेहंदी उत्सव से महोत्सव की शुरुआत होगी। शाम 4 बजे से मंदिर परिसर में मेहंदी उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें सरोज शर्मा एवं सरिता जालुका की सहभागिता रहेगी। श्रद्धालु उत्साह के साथ मेहंदी उत्सव में शामिल होंगे।

9 सितंबर, बुधवार को मंगल पाठ और 56 भोग का आयोजन होगा। सुबह 9 बजे से मंगल पाठ शुरू होगा। मंगल पाठ के लिए बांकुड़ा से पाठ वाचक उषा सलानपुरिया पहुंचेंगी। मंगल पाठ के बाद सुबह 10 बजे माता को 56 भोग अर्पित किया जाएगा। इस दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होंगे।

10 सितंबर, गुरुवार को निकलेगी विशाल कलश एवं निशान शोभायात्रा। सुबह 9 बजे से विशाल कलश एवं निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में करीब 601 श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कलश एवं निशान लेकर श्रद्धालु शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करेंगे। धार्मिक जयकारों और भक्ति गीतों के बीच शोभायात्रा पूरे शहर का भ्रमण करते हुए पुनः श्री राणी सती मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इसी दिन शाम 6:30 बजे से रानीगंज की जूली खंडेलवाल की मधुर प्रस्तुति के साथ मंदिर परिसर में अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योत एवं भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। भक्ति संगीत के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहेंगे।
11 सितंबर, शुक्रवार को धार्मिक अनुष्ठानों की रहेगी धूम। महोत्सव के अंतिम दिन सुबह 5 बजे मंगल आरती एवं पंचधारी भोग लगाया जाएगा। इसके बाद सुबह 6 बजे पूजा, जात-जडूला एवं भोग का आयोजन होगा। सुबह 10:30 बजे श्रद्धालुओं के बीच खीर-पूड़ा भोग का वितरण किया जाएगा। शाम 5 बजे माता का भव्य श्रृंगार एवं छप्पन भोग आयोजित होगा। वहीं शाम 7 बजे से भजन-कीर्तन का कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों में झूमेंगे।
महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई हैं। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। चार दिवसीय महोत्सव के दौरान मंदिर में भक्तिमय माहौल बना रहेगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
