
झरिया : बोकारो के तेलघड़िया स्थित वेदांता स्टील लिमिटेड प्लांट में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में काम करने के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से डिगवाडीह नंबर-10 निवासी 25 वर्षीय इंजीनियर समीर अंसारी की मौत हो गई।
इस दुर्घटना में एक अन्य श्रमिक की भी जान जाने की सूचना है, हालांकि दूसरे मृतक की पहचान और घटना के विस्तृत कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। मृतक समीर अंसारी (पुत्र नौशाद अंसारी) अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी एक बड़ी बहन है।

जवान बेटे और परिवार के एकमात्र सहारे की इस अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही डिगवाडीह स्थित उनके आवास पर कोहराम मच गया और सांत्वना देने वालों का तांता लग गया है। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व पार्षद आफताब आलम परिजनों के साथ प्लांट पहुंचे। वर्तमान में मृतक के परिजनों और प्लांट प्रबंधन के बीच मुआवजे को लेकर वार्ता चल रही है।

सूत्रों के अनुसार, सकारात्मक समझौते के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और वहां से डिगवाडीह लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसे देखते हुए शव के देर रात तक डिगवाडीह पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्लांट के भीतर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों और गैस रिसाव के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग जोर पकड़ने लगी है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
