
सरायकेला: – दीपावली के पावन अवसर पर रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में सरायकेला स्थित वृद्धाश्रम एवं गम्हरिया स्थित वात्सल्य बालिका गृह में दीपोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां श्री रामाशंकर सिंह तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री तौसीफ मेराज उपस्थित रहे। उनके द्वारा दोनों संस्थानों में निवास कर रहे बुजुर्गों एवं बच्चियों के बीच मिठाइयां, खिलौने एवं फल वितरित किए गए तथा उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थानों के निवासियों द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिससे पूरे परिसर में उत्सव एवं उल्लास का वातावरण बन गया।

इस अवसर पर बाल कल्याण समिति (CWC) के अध्यक्ष श्री तारापद सरकार, वात्सल्य बालिका गृह के सचिव श्री प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष श्रीमती ज्योति सिंह, डीसीपीयू के श्री संतोष तथा बाल कल्याण समिति के सदस्य श्री हैदर भी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष श्री रामाशंकर सिंह ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, करुणा, सद्भाव, भाईचारे एवं मानवीय संवेदनाओं को प्रकट करने का भी अवसर है। हमें समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर बुजुर्गों एवं बच्चों के साथ खुशियां साझा करनी चाहिए तथा उनके जीवन में स्नेह, सम्मान और प्रसन्नता का प्रकाश फैलाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित एवं अपनापन से जुड़ा हुआ महसूस करे।
इस आयोजन के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सामाजिक समरसता, मानवीय संवेदना तथा बुजुर्गों एवं बच्चों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन आत्मीयता, उल्लास एवं दीपावली की खुशियों के बीच हुआ।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
