• Wed. Sep 30th, 2026

वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम बचाओ उलगुलान” की समीक्षा बैठक, प्रतिमा स्थापना को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

admin's avatar

Byadmin

Sep 30, 2026
crescent ad

 

सरायकेला।

“वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम बचाओ उलगुलान” की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन के दौरान उठाए गए मुद्दों, समाज की एकजुटता एवं आगे की दिशा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा स्टेडियम परिसर में स्थापित करवाने को लेकर सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त महोदय को ज्ञापन सौंपा।

 

ज्ञापन में मांग की गई कि आगामी 15 नवंबर 2026, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सह झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सरायकेला स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा स्थापित कराई जाए।

 

साथ ही स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार पर स्पष्ट एवं स्थायी रूप से “धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला” नाम अंकित करने की मांग की गई, ताकि स्टेडियम की पहचान भविष्य में स्पष्ट रूप से बनी रहे।

 

इसके अलावा नृपराज राजकीय +2 उच्च विद्यालय, सरायकेला के सामने स्थित धरती आबा बिरसा मुंडा उद्यान के मुख्य प्रवेश द्वार पर “धरती आबा बिरसा मुंडा उद्यान” नाम स्पष्ट एवं स्थायी रूप से अंकित करने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से की गई।

 

प्रतिनिधियों ने कहा कि पूर्व में स्टेडियम परिसर में पद्म विभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। इसके बाद आदिवासी एवं मूलवासी समाज के विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा “वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम बचाओ उलगुलान” के बैनर तले आंदोलन किया गया। आंदोलन के दौरान लगातार यह स्पष्ट किया गया कि किसी महापुरुष के सम्मान का विरोध नहीं, बल्कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के नाम से स्थापित स्टेडियम की पहचान एवं ऐतिहासिक महत्व को सुरक्षित रखना आंदोलन का मुख्य उद्देश्य है।

 

संबंधित निर्णय वापस लेने की घोषणा के बाद आंदोलन को समाप्त किया गया। अब प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के समक्ष यह मांग रखी है कि स्टेडियम परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित कर उनकी पहचान एवं सम्मान को स्थायी रूप से सुनिश्चित किया जाए।

 

15 नवंबर तक प्रतिमा स्थापना का संकल्प

 

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि 15 नवंबर 2026 तक स्टेडियम परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

 

प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि जिला प्रशासन द्वारा 15 नवंबर 2026 तक भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित नहीं कराई जाती है, तो समाज के लोग आपसी सहयोग से चंदा एकत्रित कर प्रतिमा की व्यवस्था एवं स्थापना कराने की पहल करेंगे। समाज की ओर से 15 नवंबर तक प्रतिमा स्थापित कराने का संकल्प व्यक्त किया गया।

 

बैठक में जिला प्रशासन से आग्रह किया गया कि ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए 15 नवंबर से पूर्व आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सह झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्टेडियम परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की जा सके।

 

समीक्षा बैठक एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान मान सिंह मुंडा, सावन सोय, सावित्री कुदादा, दिवाकर सरदार, एमपी सरदार, विष्णु बनरा, गणेश गागराई, रंजीत सरदार, जगदीश सरदार, सनत सरदार, वीर सिंह सिजुई, साधु हो, सुखराम सोय, झारखंड बोदरा, रवि सरदार, चुनमुन सरदार, कार्तिक सरदार, सुखनाथ लोहरा, अंजान सामाड, राजेश हेंब्रम, कृष्ण हेंब्रम, सोमनाथ सरदार, बासुदेव सरदार, संजय मांझी, फातु सरदार, संगीता हेंब्रम, जेमा मुडरी, विश्वनाथ, तुराम सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहेl


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *