
झरिया। श्री जलाराम प्रार्थना मंदिर झरिया में सोमवार को संत शिरोमणि श्री जलाराम बापा की 227वीं जयंती अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और विद्युत सज्जा से भव्य रूप दिया गया था। सुबह से ही बापा के दर्शन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जिससे पूरा क्षेत्र ‘जय जलाराम’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत प्रातः काल 5 बजे मंगला आरती के साथ हुई। इसके पश्चात सुबह 9 बजे विशेष आरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद मंदिर प्रबंधन की ओर से भक्तों के बीच अनेक उपहार वितरित किए गए। दिन में बापा की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई, जिसमें मुख्य यजमान के रूप में साहिल त्रिवेदी अपनी धर्मपत्नी के साथ शामिल हुए। पंडित श्री जगदीश भट्ट और प्रियंक भट्ट ने पूरे विधि-विधान एवं वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न करवाई। महाआरती के उपरांत भी श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप उपहार भेंट किए गए।

दोपहर में नंदवाना समाज भवन में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जहां हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने पंगत में बैठकर बापा का महाप्रसाद ग्रहण किया। वहीं, संध्या बेला में भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें भक्त भक्ति रस में डूबे नजर आए। रात्रि में श्रद्धालुओं ने बापा के सबसे प्रिय प्रसाद खिचड़ी, कढ़ी और सब्जी का आनंद लिया। उल्लेखनीय है कि झरिया में इस जलाराम मंदिर की स्थापना आज से 52 वर्ष पूर्व की गई थी और तब से प्रत्येक वर्ष कार्तिक शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को यहां भव्य जयंती समारोह आयोजित होता है।

इस अवसर पर वक्ताओं ने संत जलाराम बापा के जीवन और उनके सेवा कार्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बापा का जन्म 227 वर्ष पूर्व गुजरात के वीरपुर में हुआ था। वे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के परम भक्त थे और उनके लिए यह दोहा अत्यंत प्रसिद्ध है, “राम नाम में लीन है, देखत सब में राम, ताके पद वंदन करूं, जय जय जलाराम।” बापा का जीवन भूखों को भोजन कराने के लिए समर्पित था। वे स्वयं झोली लेकर घर-घर से अन्न मांगते और गरीबों व भूखों को भोजन कराते थे।
उनकी भक्ति से जुड़ी एक प्रसिद्ध कथा के अनुसार, एक बार स्वयं भगवान राम साधु के वेश में उनकी परीक्षा लेने द्वार पर आए और उनसे उनकी पत्नी की मांग की। बापा ने बिना किसी संकोच के अपनी पत्नी को साधु के साथ विदा कर दिया, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद साधु ने बापा की पत्नी को अपनी झोली और लाठी थमाई और थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर अंतर्ध्यान हो गए। आज भी वह दिव्य लाठी और झोली गुजरात के वीरपुर स्थित जलाराम मंदिर में भक्तों के दर्शनार्थ सुरक्षित रखी हुई है, जहां देश-विदेश से लाखों लोग मन्नत मांगने आते हैं। वीरपुर का यह मंदिर अपनी अनूठी परंपरा के लिए विश्व प्रसिद्ध है, क्योंकि यहां किसी भी प्रकार का दान या चढ़ावा स्वीकार नहीं किया जाता। यदि कोई भक्त चढ़ावा चढ़ाता भी है, तो उसे बाहर किसी जरूरतमंद को दान करने की सलाह दी जाती है। इसके बावजूद वहां प्रतिदिन हजारों लोग निःशुल्क भोजन प्रसाद ग्रहण करते हैं।
झरिया में आयोजित इस भव्य महोत्सव को सफल बनाने में श्री हरीश कुमार जोशी, अधिवक्ता चेतन मपारा, किशोर ठक्कर, अतुल मंडल, राजेश ठक्कर, जिग्नेश जोशी, उमेश शाह, विजय चौहान, हर्ष दवे, विशाल सोलंकी, ललित सोलंकी, कल्पेश शाह, होमेश जोशी, रमेश संघबी, हिम्मतभाई राठौड़ सहित महिला मंडल से श्रीमती वीणा मपारा, गीता ठक्कर, पुष्पाबेन ठक्कर, शीतल ठक्कर, शारदा जोशी, जल्पा जोशी, जिज्ञाशा जोशी और गीता पांडे समेत कई अन्य सदस्यों का विशेष व सराहनीय योगदान रहा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
