• Mon. Jun 8th, 2026

प्रोजेक्ट जागृति: चाईबासा में रक्तदान की लहर, डीआईजी ने की शुरुआत, 235 यूनिट संग्रह

admin's avatar

Byadmin

Jun 8, 2026
crescent ad

 

*चाईबासा, 08 जून 2026:* पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट जागृति – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के तहत सोमवार को जिले के सात केंद्रों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 235 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जिले को रक्तयुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

रक्तदान शिविर का आयोजन पुलिस लाइन चाईबासा, सदर अस्पताल चाईबासा, अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर तथा तांतनगर, झींकपानी, टोंटो और मंझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया। सभी केंद्रों पर लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

पुलिस लाइन चाईबासा में आयोजित मुख्य शिविर का उद्घाटन सिंहभूम पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।

पुलिस लाइन शिविर में पुलिस एसोसिएशन की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस अवसर पर रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं कॉफी मग देकर सम्मानित किया गया।

डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने कहा कि रक्तदान और अंगदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।

वहीं उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना नहीं, बल्कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने सभी युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं से इस मानवीय अभियान से जुड़कर रक्तदान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।

जिला प्रशासन के इस प्रयास को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है और “प्रोजेक्ट जागृति” के माध्यम से पश्चिमी सिंहभूम को रक्तयुक्त जिला बनाने की दिशा में लगातार सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *