
सरायकेला-खरसावाँ, 01 सितंबर 2026: सरायकेला-खरसावाँ समाहरणालय सभागार में रोल ऑब्जर्वर-सह-प्रमंडलीय आयुक्त, सिंहभूम (कोल्हान) श्री रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर संचालित कार्यों की समीक्षा तथा पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। बैठक में माननीय विधायक सरायकेला विधानसभा सह पूर्व मुख्यमंत्री श्री चम्पाई सोरेन, माननीया विधायक इचागढ़ श्रीमती सविता महतो, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह, अपर उपायुक्त श्री जयबर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह एवं पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में SIR-2026 के निर्धारित कार्यक्रम एवं प्रक्रिया की जानकारी देते हुए जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह ने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को किया जा चुका है तथा दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 05 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। उन्होंने SIR के तहत किए जा रहे निर्वाचक सत्यापन, घर-घर भ्रमण, गणना प्रपत्र (Enumeration Form), ASDDF सूची के सत्यापन तथा दावा एवं आपत्ति से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। साथ ही, प्राप्त दावा एवं आपत्तियों के सत्यापन एवं नियमानुसार निष्पादन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा SIR-2026 से संबंधित शंकाएं एवं सुझाव रखे गए। संबंधित पदाधिकारियों द्वारा उनकी शंकाओं का समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी दी गई तथा प्राप्त सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा प्रशासन के साथ आवश्यक समन्वय एवं सहयोग करने की अपेक्षा की गई।

प्रमंडलीय आयुक्त श्री रविरंजन कुमार विक्रम ने कहा कि SIR-2026 की प्रक्रिया में BLO एवं BLA-2 की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सीमा के अनुरूप शेष कार्यों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
प्रमंडलीय आयुक्त ने जिलेवासियों से SIR-2026 की प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं को सत्यापन अथवा दावा-आपत्ति से संबंधित सूचना प्राप्त हुई है, वे निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के भीतर संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर आवश्यक सत्यापन एवं कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रशासन, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, BLO, BLA-2 एवं आम मतदाताओं का आपसी समन्वय एवं सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से सक्रिय सहभागिता निभाते हुए शेष कार्यों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप ससमय पूर्ण कराने में सहयोग की अपील की।
माननीय विधायक सरायकेला विधानसभा सह पूर्व मुख्यमंत्री श्री चम्पाई सोरेन ने विशेषकर शहरी क्षेत्रों में निर्वाचकों के सत्यापन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल न हो तथा कोई भी योग्य मतदाता निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपादित करने पर बल दिया।
*प्रमण्डलीय आयुक्त ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के प्रखंड कार्यालय सरायकेला मे चल रहे हियरिंग एवं जनसुनवाई कार्य का निरीक्षण किया…*
समीक्षा बैठक के उपरांत प्रमंडलीय आयुक्त श्री रविरंजन कुमार विक्रम द्वारा सरायकेला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड कार्यालय, सरायकेला मे निरीक्षण कर SIR-2026 के तहत दावा एवं आपत्ति से संबंधित हियरिंग एवं जनसुनवाई कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं पदाधिकारियों से प्राप्त दावा एवं आपत्तियों, उनके सत्यापन तथा अब तक की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह, संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
प्रमंडलीय आयुक्त ने हियरिंग एवं जनसुनवाई के दौरान दावा एवं आपत्ति रखने वाले मतदाताओं की बातों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनते हुए आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया का पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कार्रवाई की जाए। साथ ही, यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि सभी योग्य मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल हो तथा किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल न हो।
उन्होंने हियरिंग एवं जनसुनवाई से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं प्रक्रिया के संबंध में उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण का उद्देश्य SIR-2026 के तहत दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया के जमीनी स्तर पर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नियमानुसार क्रियान्वयन तथा प्राप्त मामलों के समयबद्ध निष्पादन की स्थिति सुनिश्चित करना रहा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
