
धनबाद : राजनीति और चुनाव की बात जेहन में आते ही लोग अमीर और दौलतमंद व्यक्ति की कल्पना करते हैं। चुनाव से पहले पार्टी से पर्याप्त फंडिंग नहीं मिलने की बात कहते हुए ओडिशा के पुरी की कांग्रेस नेत्री सुचरिता मोहंती ने टिकट तक लौट दिया था।

राजनीति की वर्तमान परिदृश्य से अलग धनबाद लोकसभा क्षेत्र से इस साल दिहाड़ी मजदूर से लेकर साइकिल रिपेयरिंग करने वाले, किन्नर, ट्यूशन टीचर, फुटपाथ दुकानदार और किसान मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं। कोई निर्दलीय है, तो किसी पर राजनीतिक पार्टी ने आस्था जताई है। धनबाद सीट पर स्क्रूटनी में सही पाए गए सभी 25 प्रत्याशी चुनाव में डटे हैं। किसी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। धनबाद सीट से भाग्य आजमा रहे बोकारो के चास की रामनगर कॉलोनी के निताई दत्ता साइकिल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। उनकी मासिक आय महज छह हजार रुपए है।

हीरापुर की माडा कॉलोनी के प्रेम नगर निवासी उमेश पासवान फुटपाथ पर कपड़ा बेचते हैं। बारामुड़ी निवासी जनक साह गोंड और जयराम महतो की पार्टी से अगल होकर चुनाव मैदान में उतरे बोकारो के कसमार निवासी त्रिदेव कुमार महतो उर्फ करण महतो की आजीविका का साधन खेती-किसानी है।
इस तरफ मनईटांड़ के कुम्हारपट्टी निवासी किन्नर सुनैना की आय का जरिया बधाई मांगना है। जयराम महतो की पार्टी से उतरे अखलाख अंसारी और नावागढ़ के तुलसी महतो प्राइवेट टीचर और ट्यूशन से अपना और अपने परिवार का पेट पालते हैं। सुदामडीह निवासी संजय कुमार गिरि एलआईसी एजेंट हैं। दूसरी बार किस्मत आजमा रही भूली की लक्ष्मी देवी गृहणी हैं। इन प्रत्याशियों के मैदान में आने से लोकतंत्र के इस महापर्व की खूबसूरती बढ़ गई है।
*धनबाद के प्रत्याशियों की औसत आयु 47 साल :*
धनबाद सीट से लड़ रहे प्रत्याशियों की औसत आयु 47 साल है। सबसे कम 30 वर्ष की अनिंदिता दास भारतीय लोकमत राष्ट्रवादी पार्टी से भाग्य आजमा रही हैं, जबकि सबसे अधिक 72 साल के प्रत्याशी केसी सिंघराज भी एक बार फिर से चुनावी ताल ठोक रहे हैं। 25 में से पांच प्रत्याशियों की उम्र 35 साल से कम है।
*अनुपमा सिंह सबसे अमीर, त्रिदेव संपत्ति में सबसे पीछे :*
कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह धनबाद लोस की सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। वे 1.95 करोड़ रुपए की संपत्ति की मालकिन हैं, जबकि उनके पति व बेरमो विधायक अनूप सिंह के पास 6.78 करोड़ रुपए की संपत्ति है। दोनों को मिलाकर उनकी संपत्ति 8.73 करोड़ रुपए की है।
*ढुलू महतो संपत्ति के मामले में दूसरे नंबर पर :*
भाजपा प्रत्याशी ढुलू महतो और उनकी पत्नी तथा बच्चों की संयुक्त संपत्ति 7.01 करोड़ रुपए तथा मासस उम्मीदवार जगदीश रवानी की संयुक्त संपत्ति चार करोड़ से अधिक की है। धनबाद सीट पर त्रिदेव महतो उर्फ करण के पास सबसे कम सिर्फ एक लाख रुपए नगद हैं। उनके नाम से कोई संपत्ति नहीं है।
*परवेज नैयर सबसे पढ़े-लिखे, दो साक्षर भी आजमा रहे भाग्य:*
चास सुल्तान नगर के डॉ. परवेज नैयर धनबाद सीट से सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे प्रत्याशी हैं। उन्होंने एमडी की डिग्री ली है, जबकि लक्ष्मी देवी और उमेश पासवान सिर्फ साक्षर हैं। धनबाद सीट से दो अधिवक्ता के अलावा एक पीजी तथा चार ग्रेजुएट प्रत्याशी हैं। सबसे अधिक आठ कंडिडेट इंटर पास हैं।
*28 प्रतिशत प्रत्याशियों के खिलाफ दर्ज है एफआईआर :*
धनबाद सीट से लड़ रहे 25 में से सात यानी 28 प्रतिशत प्रत्शयाशियों पर एफआईआर के दाग हैं। इसमें सबसे अधिक 22 मामले ढुलू महतो के खिलाफ लंबित हैं। इसके अलावा जगदीश रवानी पर तीन, दीपक कुमार दास पर दो तथा चार अन्य पर एक-एक ऐसे एफआईआर दर्ज हैं, जिसपर कोर्ट में सुनवाई चल रही है या लंबित है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
