• Sat. May 30th, 2026

टुंडी में प्रतिबंधित मांस मिलने पर बवाल, पुलिस पर पथराव; 7 राउंड हवाई फायरिंग, 3 गिरफ्तार

admin's avatar

Byadmin

May 30, 2026
crescent ad

 

धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाटांड़ पंचायत के मोहनाद गांव में प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद शुक्रवार देर शाम तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। तालाब के समीप प्रतिबंधित मांस मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपियों के घर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसी दौरान आरोपी का पुत्र एक पिकअप वाहन लेकर घर पहुंच रहा था। ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें एक जीवित गोवंश बरामद होने का दावा किया गया। इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। भीड़ से बचने के लिए आरोपी का पुत्र और वाहन चालक घर के अंदर छिप गए। उग्र ग्रामीणों ने तीनों को घर में ही घेर लिया और कार्रवाई की मांग करने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल और थाना प्रभारी उमाशंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देने का प्रयास किया, लेकिन लोग तत्काल कार्रवाई तथा एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एसडीएम लोकेश बारंगे तथा कई थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स को बुलाया गया।
जब पुलिस ने घिरे हुए आरोपियों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया, तो कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में पुलिस जवान राजेश लिंडा घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने और आरोपियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने 7 राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसके पुत्र और वाहन चालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि इलाके में तनाव बना हुआ है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *