
15 आजीविका दीदियां बेकरी यूनिट के संचालन से जुड़ीं, सिनी रेलवे स्टेशन में रिटेल शॉप खोलने एवं यूनिट में डाइन-इन सुविधा विकसित करने की योजना
ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 15 अक्टूबर, 2026 को सरायकेला प्रखंड अंतर्गत सिनी संकुल स्तरीय संगठन (CLF) द्वारा संचालित नवनिर्मित बेकरी यूनिट का विधिवत उद्घाटन किया गया। जिला प्रशासन के सहयोग एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत स्थापित इस यूनिट का शुभारंभ उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ, उप विकास आयुक्त, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अन्य उपस्थित अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया।

इस बेकरी यूनिट के संचालन से कुल 15 महिलाएं जुड़ी हुई हैं। यूनिट का संचालन जेएसएलपीएस से जुड़ी आजीविका दीदियों द्वारा किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि करना, आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना तथा उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ महिला समूहों की आजीविका को भी मजबूती मिलेगी।

बेकरी यूनिट में स्वच्छता एवं उत्पादों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। प्रारंभिक चरण में यहां पांच प्रकार के उत्पादों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें व्हाइट ब्रेड, पाव, कुकीज़, टोस्ट एवं केक शामिल हैं। भविष्य में बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादों की विविधता बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
बेकरी यूनिट के व्यावसायिक विस्तार एवं बाजार तक उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से सिनी रेलवे स्टेशन में बेकरी उत्पादों की बिक्री के लिए एक रिटेल शॉप खोलने की योजना है। इसके अतिरिक्त, बेकरी यूनिट परिसर में ग्राहकों के बैठने एवं उत्पादों का सेवन करने की सुविधा (डाइन-इन सर्विस) विकसित करने की भी योजना बनाई जा रही है। इस संबंध में विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार कर जिला परिषद से वित्तीय सहयोग प्राप्त करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। इन पहलों से बेकरी यूनिट की व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार तथा आजीविका दीदियों के लिए आय के अवसर बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें आजीविका के स्थायी साधनों से जोड़ना समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने, कौशल विकास को बढ़ावा देने तथा उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं पहलों के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना, उनकी निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करना तथा सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाना भी है। जिला प्रशासन द्वारा आजीविका दीदियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के साथ-साथ उनकी आजीविका को सुदृढ़ करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित करने की दिशा में आगे भी प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं सहयोगी संस्थाओं से आजीविका दीदियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने पर बल दिया, ताकि बेकरी यूनिट का संचालन सुचारु रूप से हो सके तथा महिलाएं अपने उद्यम का विस्तार कर सकें। इस प्रकार की पहल से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ उनके परिवारों के जीवन स्तर में सुधार तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, जिला परिषद सदस्य, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) पंकज कुमार, डीएमएफटी के रिसर्च एसोसिएट शुभम कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी तथा सिनी CLF से जुड़ी आजीविका दीदियां उपस्थित रहीं।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
