

रिपोर्ट,अरुण कुमार सैनी
केंदुआ(धनबाद) IIT (ISM) धनबाद के माइनिंग इंजीनियरिंग विभाग ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान का नाम रोशन किया है। वहीं विभाग के प्रोफेसर डी. पी. मिश्रा और उनके एमटेक स्कॉलर श्रीजल सी. डाभेकर की रिसर्च को कोयला मंत्रालय की ओर से आयोजित नेशनल लेवल हैकाथॉन ऑन आर एंड डी 2026 में दूसरा रनर-अप स्थान मिला है। ‘नेक्स्टजेन एआई फॉर स्मार्ट माइनिंग’ थीम पर आयोजित इस हैकाथॉन में टीम को ट्रॉफी के साथ दो लाख रुपये का कैश अवार्ड भी दिया गया। सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआई) की ओर से अगस्त 2026 में कोयला मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस हैकाथॉन का उद्देश्य माइनिंग सेक्टर की चुनौतियों के समाधान के लिए रिसर्च और टेक्नोलॉजी आधारित नए आइडिया को बढ़ावा देना था। इसमें देशभर के आईआईटी, एनआईटी, सीएसआईआर लैबोरेटरीज, सी-डैक और कई निजी कंपनियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के लिए पांच प्रॉब्लम स्टेटमेंट रखे गए थे।

IIT (ISM) की टीम ने प्रॉब्लम स्टेटमेंट-5 के तहत ‘डेवलपमेंट ऑफ एन ऑटोनॉमस एआई-इनेबल्ड डायरेक्ट एयरबोर्न डस्ट कैप्चर (डीएडीसी) सिस्टम फॉर कोल माइन एनवायरनमेंट्स’ विषय पर अपना रिसर्च प्रपोजल प्रस्तुत किया। इसमें ओपेनकास्ट कोयला खदानों में माइनिंग गतिविधियों के दौरान हवा में फैलने वाली धूल को सीधे कैप्चर करने के लिए एआई आधारित स्मार्ट सिस्टम विकसित करने का प्रस्ताव है। इस सिस्टम में डस्ट मॉनिटरिंग सेंसर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित एडैप्टिव कंट्रोल मैकेनिज्म, सक्शन एयरफ्लो रेगुलेशन और मल्टीस्टेज डस्ट कलेक्शन तकनीक को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य धूल को प्रभावी तरीके से नियंत्रित करने के साथ बिजली और पानी की खपत को भी कम करना है। इससे खदानों में काम करने वाले कर्मियों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ने वाले धूल के दुष्प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी। प्रो. डी. पी. मिश्रा ने इस उपलब्धि पर कहा कि एआई आधारित तकनीक के जरिए सुरक्षित और सस्टेनेबल माइनिंग के लिए व्यावहारिक समाधान विकसित करना हमारी प्राथमिकता है। वहीं, श्रीजल सी. डाभेकर ने कहा कि यह सम्मान इस तकनीक को आगे विकसित कर खदानों में इसके इस्तेमाल की दिशा में काम करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इस उपलब्धि के लिए टीम को हाल ही में छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर बी. सैराम, कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त और एडिशनल सेक्रेटरी सानोज कुमार झा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। प्रो. मिश्रा माइन वेंटिलेशन, माइन एनवायरनमेंट, माइन सेफ्टी, माइन फायर और एक्सप्लोजन तथा सस्टेनेबल माइनिंग के क्षेत्र में लंबे समय से रिसर्च कर रहे हैं। उन्हें वर्ष 2021 से लगातार स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की ओर से जारी दुनिया के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में जगह मिली है। वहीं, श्रीजल सी. डाभेकर AICTE और गुजरात के कमिश्नरेट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन के क्वालिटी इम्प्रूवमेंट प्रोग्राम (क्यूआईपी) के तहत IIT (ISM) धनबाद से माइनिंग इंजीनियरिंग में एमटेक कर रहे हैं। वह गुजरात के गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, भुज के माइनिंग इंजीनियरिंग विभाग में लेक्चरर भी हैं।

There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
