
झरिया: समाज को आईना दिखाने और हर खबर को बेबाकी से जनता तक पहुंचाने वाले पत्रकार अब अपनी सुरक्षा के प्रति भी गंभीर नजर आ रहे हैं। बुधवार को कोयलांचल पत्रकार संघ की ओर से शालीमार स्थित संघ कार्यालय में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संघ के प्रवक्ता रंधीर कुमार के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चालकों के लिए जीवन रक्षक माने जाने वाले हेलमेट का वितरण किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य पत्रकारों में आत्म-सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के अध्यक्ष सुनील सिंह की अध्यक्षता और महामंत्री मुख्तार अहमद के कुशल संचालन के साथ हुई। इस दौरान संगठन की एकजुटता और अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य अतिथियों का हुआ भव्य स्वागत….

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जोरापोखर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक उदय गुप्ता और विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद मुनिलाल रविदास ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यकारी अध्यक्ष काजल राय एवं सचिव अरुण कुमार ने थाना प्रभारी उदय गुप्ता को, तथा अनुशासन समिति के अध्यक्ष सन्नी शर्मा एवं संरक्षक सी.डी. मिश्रा ने पार्षद मुनिलाल रविदास को बुक्के और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
हेलमेट ही जीवन की ढाल: थाना प्रभारी उदय गुप्ता….
पत्रकारों को हेलमेट सौंपते हुए थाना प्रभारी उदय गुप्ता ने इसे जीवन रक्षक कदम बताया। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि खुद की जिंदगी बचाने की गारंटी है। यातायात नियमों का पालन कर सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने समाज को जागरूक करने वाले पत्रकारों के बीच ऐसी पहल की खुले दिल से सराहना करते हुए आम जनता से भी सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
संगठन की ताकत उसकी एकजुटता और अनुशासन: रंधीर कुमार…
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के प्रवक्ता रंधीर कुमार ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके सक्रिय, अनुशासित और समर्पित सदस्य होते हैं। नियमित रूप से बैठकों में भाग लेकर संगठन को धार देने वाले साथियों को सम्मानित करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा का संदेश देना ही इस आयोजन का मुख्य ध्येय था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी सदस्यों के हित और उनकी सुरक्षा के लिए ऐसे सकारात्मक कदम लगातार उठाए जाते रहेंगे।
महामंत्री मुख्तार अहमद ने कहा कि संगठन की मजबूती आपसी एकता, अनुशासन और हर सदस्य की सक्रिय भागीदारी पर टिकी होती है। रंधीर कुमार की यह पहल न सिर्फ सदस्यों का हौसला बढ़ाने वाली है, बल्कि समाज में एक बेहतरीन संदेश भी देती है। अध्यक्ष सुनील सिंह ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पत्रकारों के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और मजबूत होगी।
इन गणमान्य लोगों की रही खास उपस्थिति…
कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी अध्यक्ष काजल राय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस आयोजन को सफल बनाने में सलाहकार समिति के सदस्य एवं सह कोषाध्यक्ष मो. समीम हुसैन और कार्यालय प्रभारी सद्दाम हुसैन की भूमिका सराहनीय रही।
इस अवसर पर संरक्षक चंद्रदेव मिश्रा, सचिव अरुण कुमार, अनुशासन समिति के अध्यक्ष सन्नी शर्मा के अलावा मो. शमशाद हुसैन, अशोक कुमार श्रीवास्तव, आशीष घोष, वसीम अंसारी, गुलजार आलम, कार्तिक वर्मा, पंकज कुमार शर्मा, राजेश सिन्हा, मनोज यादव, विश्वजीत चटर्जी, जे.के. सिंह, सुरोजीत बनर्जी, विकास कुमार, जॉन मिर्जा समेत बड़ी संख्या में संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
