• Wed. Jun 10th, 2026

ओबी डंपिंग पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, मारपीट और फायरिंग के आरोप; मौके पर पहुंचे मेयर संजीव सिंह

admin's avatar

Byadmin

Jun 10, 2026
crescent ad

 

झरिया: घनुडीह चीनकोठी बस्ती से सटे क्षेत्र में सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तार को लेकर रविवार को जमकर बवाल हो गया। बस्ती के समीप ओवरबर्डन (ओबी) डंपिंग का विरोध कर रहे ग्रामीणों और कंपनी समर्थकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और फायरिंग के आरोप सामने आए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी द्वारा बस्ती के निकट ओबी डंप किया जा रहा था, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। विरोध के दौरान करीब 30 लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मारपीट की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लोगों को डराने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की गई। घटना में कई लोग घायल हुए, जिनमें ग्रामीण सुनील कुमार मंडल का हाथ टूटने की बात कही जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के मेयर संजीव सिंह तथा घनुडीह ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। मेयर ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

 

 

मेयर संजीव सिंह ने कहा,

“ग्रामीणों की स्पष्ट आपत्ति के बावजूद बस्ती के समीप ओबी डंपिंग की जा रही थी। स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट किए जाने और फायरिंग की शिकायत मिली है। यदि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो कोई बड़ी घटना घट सकती थी। जब तक इस पूरे मामले पर प्रशासन, कंपनी प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ उच्चस्तरीय बैठक नहीं हो जाती, तब तक विवादित स्थल पर ओबी डंपिंग अथवा किसी भी नए कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी। ग्रामीणों की सुरक्षा और अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा।”

 

मेयर ने यह भी कहा कि क्षेत्र में शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

 

वहीं ग्रामीण सुनील कुमार मंडल ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा अवैध रूप से ओबी डंप किया जा रहा था। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना के संबंध में सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *