
*चाइबासा*: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्वास्थ्य समिति एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में सदर अस्पताल चाईबासा के सभागार में आयोजित मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोसामाजिक सहयोग विषयक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के दूसरे दिन उपायुक्त मनीष कुमार ने सहभागिता कर प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की और प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य विषय बन चुका है। समुदाय स्तर पर कार्यरत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों (सीएचओ) की भूमिका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान, परामर्श और समय पर उपचार सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में करने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावित व्यक्तियों की समय पर पहचान कर आवश्यकतानुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाए। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला स्वास्थ्य समिति एवं यूनिसेफ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्वास्थ्य तंत्र को अधिक संवेदनशील और सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यशाला में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 60 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में डॉ. राजीव कुमार, उपनिदेशक (रिसर्च, ट्रेनिंग एवं कम्युनिकेशन), मानसिक स्वास्थ्य, रांची ने मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोसामाजिक सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
जिला स्वास्थ्य समिति ने जानकारी दी कि यूनिसेफ के सहयोग से जुलाई 2026 तक जिले के सभी कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों को मानसिक स्वास्थ्य विषय पर प्रशिक्षित करने की योजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य समुदाय स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना और आमजन को गुणवत्तापूर्ण मानसिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, यूनिसेफ प्रतिनिधि सहित स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
