
*पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा*: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट जागृति – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के अंतर्गत सदर अस्पताल, चाईबासा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिले को रक्तयुक्त बनाने तथा आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में उपायुक्त मनीष कुमार एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं सक्षम नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान कर इस जनहितकारी अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य केवल रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की सकारात्मक संस्कृति को बढ़ावा देना भी है।

शिविर में गोपनीय कार्यालय, यक्ष्मा कार्यालय, जेएसएलपीएस की दीदियों, आयुष विभाग, सामाजिक सुरक्षा, समाज कल्याण विभाग सहित बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन अभियान को भी विशेष महत्व दिया गया। उपायुक्त ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं से टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान, उपचार, उचित पोषण और सामुदायिक सहयोग से टीबी का पूर्ण उन्मूलन संभव है।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने निक्षय मित्र के रूप में 21 टीबी मरीजों को पोषण सहायता हेतु पोषाहार पैकेट वितरित किए। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा 2, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. दीपक द्वारा 2, प्रवीण अल्ट्रासाउंड केंद्र द्वारा 11 तथा सनराइज अस्पताल द्वारा 11 मरीजों को पोषाहार पैकेट प्रदान किए गए। इस प्रकार कुल 47 टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराई गई।
रक्तदान शिविर में स्वैच्छिक रूप से रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को उनके योगदान के सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र, कॉफी मग एवं टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करना तथा समाज के अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी, चिकित्सक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी और रक्तदाता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जिले को रक्तयुक्त एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक जिला बनाने का संकल्प लिया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
