• Wed. Mar 4th, 2026

नवीनगर प्रखंड प्रमुख चित्रा कुमारी ने तीसरी बार संभाला पद, सम्मान समारोह में उमड़ा जनसमर्थन

admin's avatar

Byadmin

Jan 20, 2026

 

नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित बहुद्देशीय भवन सभागार में सोमवार को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जहां नवीनगर प्रखंड प्रमुख चित्रा कुमारी ने तीसरी बार अपने पद का कार्यभार संभाला। इस अवसर पर उनके सम्मान में विशेष समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समर्थकों की भारी उपस्थिति देखने को मिली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं प्रखंड प्रमुख चित्रा कुमारी ने की, जबकि संचालन पूर्व मुखिया भोला सिंह ने किया। समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों को फूल-माला, बुके एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने चित्रा कुमारी के नेतृत्व, विकास कार्यों एवं जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

गौरतलब है कि चित्रा कुमारी को पूर्व में अवैध एवं अवैधानिक तरीके से पदच्युत कर दिया गया था। उनके खिलाफ 13 जनवरी 2025 को पंचायत समिति की विशेष बैठक में अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, जिसमें 35 में से 25 पंचायत समिति सदस्यों ने हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद उप प्रमुख लव कुमार सिंह को कार्यवाहक प्रमुख बनाया गया था।

हालांकि, चित्रा कुमारी ने इस निर्णय को पटना उच्च न्यायालय में चुनौती दी, जहां माननीय न्यायालय ने अविश्वास प्रस्ताव को खारिज करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद चित्रा कुमारी की पुनः पद पर वापसी हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ललन राम ने कहा कि न्यायालय के फैसले ने यह साबित कर दिया है कि सच्चाई और न्याय की हमेशा जीत होती है। उन्होंने कहा कि चित्रा कुमारी ने प्रखंड के विकास के लिए निरंतर कार्य किया है और जनता का विश्वास उनके साथ है।

वहीं पूर्व विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्ल्यू सिंह ने कहा कि राजनीतिक द्वेष के कारण उन्हें पद से हटाने का प्रयास किया गया था, लेकिन न्यायालय ने लोकतंत्र की मर्यादा को कायम रखा। उन्होंने चित्रा कुमारी को पुनः पद संभालने पर बधाई दी और भविष्य में और बेहतर कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में प्रखंड प्रमुख चित्रा कुमारी ने कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि नवीनगर की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ गलत तरीके से अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, लेकिन न्यायालय ने सच्चाई को स्वीकार किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पहले से अधिक ऊर्जा और ईमानदारी के साथ प्रखंड के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगी।

इस मौके पर कुटुंबा विधायक ललन राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण सिंह, अंचलाधिकारी निकहत परवीन, कार्यक्रम पदाधिकारी नीरज कुमार, पूर्व विधायक डब्लू सिंह, पूर्व उप प्रमुख संजीव सिंह,

प्रमुख प्रतिनिधि भोला साव, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विपिन सिंह, प्रमुख संघ के जिला अध्यक्ष धनिक मंडल, गोह एवं देव प्रखंड के प्रमुख, सोनौरा पंचायत के मुखिया संजीत राम, बैरिया पंचायत के मुखिया उपेंद्र कुमार, राजद प्रखंड अध्यक्ष जगन यादव, दिलीप पासवान, विकास कुमार सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।

समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों व नारों के साथ प्रखंड प्रमुख का स्वागत कर अपनी खुशी जाहिर की।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *