
सन्नी शर्मा
झरिया: लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पूरा कोयलांचल झरिया भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। विशेष रूप से झरिया के ऐतिहासिक राजा तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के बाद पहली बार आयोजित हो रहे छठ महापर्व को लेकर व्रतियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते घाट और छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए राजा तालाब समेत झरिया के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छठ पर्व के दौरान शांति व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी। घाटों का निरीक्षण करने पहुंचे धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि काफी हर्षोल्लास के साथ यह महापर्व मनाया जा रहा है, जिसकी क्षेत्र में बड़ी मान्यता है। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से हर छठ घाट पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राजा तालाब और लाल बंगला जैसे सभी प्रमुख घाटों पर संबंधित थाना प्रभारी और डीएसपी स्वयं तैनात हैं, जबकि वरीय अधिकारी भी लगातार पूरे क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। वहीं, मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे झरिया थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने कहा कि आज अर्घ्य का पहला दिन है, जिसमें अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। सभी छठ व्रती अपने-अपने घाटों पर पहुंच चुके हैं और समय होते ही भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, शांति समिति के सदस्य, पुलिस जन सहयोग समिति और स्थानीय जनता के सहयोग से सभी घाटों पर सुरक्षा व सेवा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम इस बात का पूरा ध्यान रख रही है कि घाट पर आने वाले किसी भी श्रद्धालु को कोई कष्ट न हो और उन्हें हर संभव सुविधा मिल सके। राजा तालाब घाट पर आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां चारों तरफ छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे और स्वयंसेवी संस्थाएं भी लगातार व्रतियों की सेवा में जुटी रहीं।

There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
