
सरायकेला- सरायकेला-खरसावां जिले में खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के सौजन्य से आयोजित अस्मिता सिटी लीग प्रतियोगिता के तहत सोमवार को फुटबॉल, वॉलीबॉल एवं तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ किया गया। भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


मुख्य अतिथि श्री मनोज कुमार चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि सरायकेला-खरसावां जिला जिस प्रकार कला के क्षेत्र में अग्रणी रहा है, उसी तरह खेल के क्षेत्र में भी यहां की प्रतिभाएं लगातार अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर न केवल अपनी पहचान बनाएं, बल्कि राज्य और देश का नाम भी रोशन करें।
उन्होंने कहा कि चिलचिलाती धूप भी खिलाड़ियों के साहस और मजबूत इरादों को नहीं रोक सकती। हमारी बेटियां जिस उत्साह, साहस और आत्मविश्वास के साथ खेल रही हैं, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने आगे कहा कि उनके चुनावी संकल्प के अनुरूप हाल ही में तीन नए खेल मैदानों का शुभारंभ किया गया है और अब इन मैदानों में नियमित खेल गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। पहले जहां खेल मैदान केवल विशेष आयोजनों तक सीमित थे, अब हर 15 दिन और हर महीने प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि प्रतियोगिता के दौरान स्वास्थ्य टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। साथ ही अभिभावकों एवं खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल मैदानों एवं बिरसा मुंडा स्टेडियम में आकर अपनी प्रतिभा को निखारें और खेल के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हों।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि श्री सानंद आचार्य ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच प्रदान करने की है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से आई बालिकाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान जिला ओलंपिक संघ के सचिव श्री सिकंदर महतो, जिला तीरंदाजी संघ के सचिव श्री सुमंत मोहंती, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव श्री मोहम्मद दिलदार, वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारी श्री सतीश प्रधान, श्री पिनाकी रंजन, श्री बलराम महतो, श्री संजय सुंडी सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
वॉलीबॉल में गम्हरिया का दबदबा
आज आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में गम्हरिया प्रखंड की टीमों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अंडर-14 वर्ग में केपीएस गम्हरिया ने गम्हरिया गर्ल्स को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में भी केपीएस गम्हरिया ने बालिका सनसनी को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
फुटबॉल में नीमडीह बनी चैंपियन
फुटबॉल के अंडर-14 वर्ग में गम्हरिया इलेवन ने चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। जबकि अंडर-17 वर्ग में रोमांचक मुकाबलों के बाद नीमडीह की टीम ने फाइनल में खरसावां कस्तूरबा को 2-0 से हराकर जिले की चैंपियन टीम का खिताब जीता। इससे पहले खरसावां कस्तूरबा ने सेमीफाइनल में सरायकेला को ट्राई ब्रेकर में तथा चांडिल को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
प्रतियोगिता के अगले चरण में कल बिरसा मुंडा स्टेडियम में कबड्डी एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
अंत में मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर अपने क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत बनाएं और विशेष रूप से बेटियों को आगे बढ़ने का पूरा अवसर प्रदान करें।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
