• Mon. Jun 29th, 2026

ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु पेपर प्लेट निर्माण मशीन स्थापना विषयक कौशल उन्नयन प्रशिक्षण आयोजित.

admin's avatar

Byadmin

Jun 29, 2026
crescent ad

 

सरायकेला-खरसावाँ, 29 जून 2026 : ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा सतत् आजीविका के अवसर विकसित करने के उद्देश्य से आज सरायकेला प्रखंड के सिदडीह गांव में पेपर प्लेट निर्माण मशीन स्थापना विषयक एक दिवसीय कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण का आयोजन झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (JTDS), डीपीएमयू, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा नाबार्ड-एलईडी (NABARD-LED) परियोजना के अंतर्गत किया गया। प्रशिक्षण में राजनगर प्रखंड की तीन एवं सरायकेला प्रखंड की तीन स्वयं सहायता समूहों (SHG) की कुल 60 महिला प्रतिभागियों ने भाग लिया।

 

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर सुश्री शेफाली महतो द्वारा प्रतिभागियों को पेपर प्लेट निर्माण मशीन की स्थापना, संचालन, रख-रखाव, सुरक्षा उपाय, कच्चे माल की लोडिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, उत्पादन प्रक्रिया, लागत निर्धारण तथा उद्यम प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही बाजार की मांग, व्यावसायिक संभावनाओं, मशीन की उपयोगिता एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेपर प्लेट निर्माण आधारित स्वरोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

 

प्रशिक्षण के क्रम में प्रतिभागियों का कौशल मानचित्रण (Skill Mapping) किया गया तथा समूहवार गतिविधियों के माध्यम से वर्तमान में संचालित आजीविका गतिविधियों एवं भविष्य में अपनाए जाने वाले संभावित व्यवसायों का आकलन किया गया। इसके उपरांत प्रतिभागियों द्वारा चार्ट पेपर के माध्यम से अपने समूह की कार्ययोजना एवं आजीविका संबंधी संभावनाओं का प्रस्तुतीकरण किया गया।

 

प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की क्षमता एवं कौशल का विकास करना, पेपर प्लेट निर्माण आधारित उद्यम हेतु इच्छुक महिलाओं की पहचान करना, मशीन संचालन एवं रख-रखाव का तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराना तथा महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़कर सतत् आय के अवसर उपलब्ध कराना रहा।

 

समापन सत्र में प्रतिभागियों के साथ कार्ययोजना तैयार की गई तथा प्रशिक्षण से संबंधित प्रतिपुष्टि (फीडबैक) प्राप्त की गई। इस अवसर पर JTDS, डीपीएमयू, सरायकेला-खरसावाँ के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण उपरांत चयनित स्वयं सहायता समूहों को पेपर प्लेट निर्माण मशीन की स्थापना एवं उद्यम प्रारंभ करने हेतु आवश्यक तकनीकी एवं संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण एवं आय सृजन को बढ़ावा मिलेगा।

 

कार्यक्रम में डीपीएम श्री नीरज नयन सहित JTDS, डीपीएमयू, सरायकेला-खरसावाँ के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *