
जमशेदपुर । डाक विभाग (सिंहभूम मंडल) द्वारा केरला पब्लिक स्कूल बर्मामाइन्स में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों एवं आम नागरिकों के बीच डाक विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, विशेष रूप से बचत योजनाओं और ‘डाक जीवन बीमा’ के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। सेमिनार में विद्यालय के कुल 104 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
शिक्षकों को विस्तार से बताई गई डाक विभाग की विशेषताएं

कार्यक्रम के दौरान डाक विभाग के अधिकारियों ने ऑडियो-विजुअल प्रेजेंटेशन के माध्यम से डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा की बारीकियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि डाक विभाग का बीमा उत्पाद किस प्रकार अन्य बीमा कंपनियों की तुलना में अधिक लाभकारी और सुरक्षित है । अर्थात इसमें कम प्रीमियम और अधिक बोनस पर विशेष रूप से फोकस किया गया है । अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डाक विभाग में कोई एजेंट कमीशन नहीं होता और न ही बड़े विज्ञापनों पर भारी खर्च किया जाता है। साथ ही 1.70 लाख से अधिक डाकघरों के मौजूदा स्टाफ व नेटवर्क का उपयोग होने से प्रबंधन लागत बेहद कम आती है। यही कारण है कि यह बचत सीधे ग्राहकों को उच्च बोनस (लगभग 52 रुपये प्रति हजार तक) के रूप में लौटाई जाती है।

ऐतिहासिक और भरोसेमंद पृष्ठभूमि : डाक जीवन बीमा 1 फरवरी 1884 से प्रारंभ हुई देश की सबसे पुरानी बीमा योजनाओं में से एक है। 1894 में महिलाओं को बीमा कवरेज देने वाला यह देश का पहला संस्थान बना तथा 1995 से ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसका विस्तार किया गया।
कर छूट व ऑनलाइन सुविधाएं : आयकर की धारा 80C के तहत छूट, पूरे देश में किसी भी डाकघर में पॉलिसी का फ्री ट्रांसफर, ऑनलाइन प्रीमियम भुगतान और एडवांस प्रीमियम पर छूट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। वर्तमान में यह सुविधा सरकारी कर्मचारियों के अलावा निजी संस्थानों के योग्य व डिग्री धारक कर्मचारियों के लिए भी उपलब्ध है।
‘हर घर डाकघर’ की ओर बढ़ता कदम
मीडिया से बातचीत में डाक विभाग के अधिकारी ने कहा कि आज देश भर में 1.70 लाख से अधिक डाकघरों का नेटवर्क है और औसतन हर 3 किलोमीटर के दायरे में डाकघर की सुविधा मौजूद है। शिक्षकों के माध्यम से यह जानकारी विद्यार्थियों और उनके परिवारों तक आसानी से पहुंच सकती है। उन्होंने बताया कि स्कूल स्तर पर यह उनका पहला ऐसा कार्यक्रम था और आने वाले समय में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस सहित शहर के अन्य सभी सरकारी व निजी स्कूलों, कॉलेजों तथा प्रमुख संस्थानों में भी ऐसे जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
