
हजारीबाग: (आशीष कृष्णन ): हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में सांसद मनीष जायसवाल की पहल पर लगातार दूसरी बार ‘सांसद खेल महोत्सव-2025’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस वर्ष भी नमो खेल श्रृंखला के तहत नमो फुटबॉल टूर्नामेंट का महाकुंभ पूरे लोकसभा क्षेत्र के 22 प्रखंडों में लगभग दो महीने तक चलेगा। इसकी शुरुआत 15 जुलाई को गोला से होगी और समापन 15 सितंबर 2025 को होगा। इस विशाल आयोजन में लगभग 15,00 टीमें और 22,500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जो पिछले वर्ष के आंकड़ों से भी अधिक है।

टूर्नामेंट के आगाज़ के लिए एक अनोखे समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सांसद मनीष जायसवाल ने हजारीबाग के जाने-माने पुराने फुटबॉलरों को सम्मानित किया। 80 के दशक के फुटबॉल के सितारे, विकास चौधरी, शंकर मुखर्जी, अशोक कुमार भट्टाचार्य, प्रमोद कुमार और मुकेश कुमार ने सांसद के साथ मिलकर मशाल जलाकर नमो फुटबॉल टूर्नामेंट-2025 का विधिवत शुभारंभ किया।

सांसद जायसवाल ने बुधवार को हजारीबाग स्थित अपने सांसद सेवा कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में इस आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एक आकर्षक डिस्प्ले के साथ टूर्नामेंट की चमकदार ट्रॉफी, नमो जर्सी, नमो मेडल और पुरस्कार राशि के चेक का विमोचन किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक चरण की विजेता टीम को 25,000 रुपये नकद, आकर्षक नमो ट्रॉफी और मेडल दिए जाएंगे, जबकि उपविजेता टीम को 15,000 रुपये नकद और आकर्षक नमो ट्रॉफी भेंट की जाएगी। इस वर्ष खिलाड़ियों के साथ-साथ रेफरी को भी रेफरी किट उपलब्ध कराई जाएगी, और 120 रेफरी का समूह टूर्नामेंट का संचालन करेगा।
सांसद मनीष जायसवाल ने इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में फुटबॉल के खोए हुए क्रेज को पुनर्जीवित करना बताया। उनका लक्ष्य है कि हर गांव और कस्बे में युवाओं और खेल प्रेमियों को फुटबॉल के खेल से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें एक बेहतर मंच मिल सके। उन्होंने खिलाड़ियों से असामाजिक गतिविधियों से दूर रहकर स्वस्थ शरीर का निर्माण करने और खेल के क्षेत्र में हजारीबाग का नाम राज्य, देश और विश्व में रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि जिस प्रखंड में जिस खेल का अधिक प्रचलन होगा, उसे भी बढ़ावा दिया जाएगा।
टूर्नामेंट के शुभारंभ और समापन समारोह में कई दिग्गज और गणमान्य लोग शामिल होंगे। इसके सफल संचालन के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त रेफरी और उद्घोषक भी मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर भाजपा हजारीबाग जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, भाजपा रामगढ़ जिला अध्यक्ष प्रवीण मेहता सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
