• Thu. Feb 26th, 2026

सरायकेला:”आद्रा मंडल में रेलवे एवं राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल द्वारा संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन”।

admin's avatar

Byadmin

Feb 26, 2026

 

सरायकेला : आद्रा मंडल के अंतर्गत अनारा यार्ड में 26 फरवरी 2026 को रेलवे एवं राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) द्वारा संयुक्त रूप से एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल के परिदृश्य के अनुसार, ट्रेन संख्या 00019 BJE–CNI एक्सप्रेस अनारा यार्ड में प्रातः लगभग 09:50 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें एक 2nd AC कोच (कोच संख्या SE-058056, इंजन से 9वाँ स्थान) पलट गया तथा एक स्लीपर कोच (संख्या 058236, इंजन से 10वाँ स्थान) उस पर चढ़ गया। इस घटना में बड़ी संख्या में यात्रियों के हताहत होने की आशंका व्यक्त की गई। सूचना मिलते ही मंडल नियंत्रण कक्ष द्वारा तुरंत राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। दुर्घटनास्थल पर त्वरित कार्रवाई हेतु SPARME ओर ART को रवाना किया गया। साथ ही NDRF की टीम, रेलवे के चिकित्सा विभाग, आरपीएफ, स्थानीय पुलिस तथा अन्य आपदा प्रबंधन इकाइयों को भी सक्रिय कर दिया गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायलों को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने, यात्रियों को सुरक्षित निकालने तथा आपातकालीन प्रबंधन की समन्वित व्यवस्था का अभ्यास किया गया। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से रेलवे एवं NDRF की संयुक्त कार्यक्षमता, आपसी समन्वय तथा “गोल्डन आवर” में अधिकतम जीवन रक्षा की तैयारियों का मूल्यांकन किया गया। इस दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सहायता बूथ आदि की व्यवस्था की गई।

आद्रा मंडल रेल प्रबंधक मुकेश गुप्ता ने इस रेल दुर्घटना परिदृश्य को एक सफल मॉक ड्रिल घोषित किया। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि रेल दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन आवर में अधिक से अधिक लोगों का रेस्क्यू कर उनकी जान बचाने की तैयारी की समीक्षा के लिए इस प्रकार के मॉक ड्रिल आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति के समय हमारी तैयारियों का आकलन करने के लिए ऐसे अभ्यास अत्यंत आवश्यक हैं। इस अभ्यास का उद्देश्य रेल दुर्घटना जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी का परीक्षण करना है।

आद्रा मंडल समय-समय पर इस प्रकार के मॉक ड्रिल आयोजित करता रहता है ताकि किसी भी वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके तथा यदि कोई कमियां सामने आती हैं तो उन्हें दूर किया जा सके।

इस दौरान आद्रा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मुकेश गुप्ता, अपर मंडल रेल प्रबंधक खगेन्द्र नाथ घोष समेत कई वरीय अधिकारी, कर्मचारी, स्काउट एवं गाइड की टीम, सिविल डिफेन्स, रेलवे सुरक्षा बल, NDRF टीम के जवान तथा मंडल सांस्कृतिक टीम के सदस्य उपस्थित थे। सांस्कृतिक टीम के सदस्यों द्वारा घायल यात्री एवं उनके परिजनों की भूमिका निभाकर अभ्यास को यथार्थपरक बनाया गया। साथ ही प्रेस एवं मीडिया के प्रतिनिधिगण भी मौजूद थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *