
सरायकेला : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पी.एम. बारा, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार सभी एमओआईसी, डीपीएमयू, बीपीएमयू एवं अन्य संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पूर्व की बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, दवा एवं जांच किट की उपलब्धता, उपकरणों की कार्यशीलता तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आमजनों के जीवन एवं कल्याण से सीधे जुड़ी हुई हैं। प्रत्येक व्यक्ति को समय पर गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहते हुए सेवा भावना के साथ कार्य करें, ताकि आमजनों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी समय के अनुसार संबंधित स्वास्थ्य केंद्र एवं कार्यस्थल पर ससमय उपस्थित रहें तथा अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी तत्परता के साथ निर्वहन करें। स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को निर्धारित समय में आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध हो सके।

सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं के साथ-साथ विभिन्न प्रमुख बीमारियों की जांच के लिए आवश्यक जांच किट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य केंद्र पर आवश्यक दवा अथवा जांच किट की कमी के कारण मरीजों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उपलब्ध दवाओं एवं जांच किट का नियमित स्टॉक सत्यापन करते हुए स्टॉक रजिस्टर को अद्यतन रखने तथा आवश्यकता के अनुसार समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपकरणों एवं अन्य स्वास्थ्य संसाधनों की कार्यशीलता की नियमित जांच कराने तथा खराब उपकरणों की समयबद्ध मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार प्रतिस्थापन की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में करने पर जोर दिया गया।
निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यकता के अनुसार जनरेटर, इन्वर्टर, सोलर लाइट सहित वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में चिकित्सकों द्वारा टेली-कंसल्टेशन के क्षेत्र में जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन की उपायुक्त ने सराहना की। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए टेली-कंसल्टेशन सेवाओं को और प्रभावी बनाने तथा दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं की पहुंच को और बेहतर बनाया जाए तथा सभी संबंधित स्वास्थ्य कर्मी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
बैठक में टीबी, मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू सहित अन्य प्रमुख बीमारियों की रोकथाम एवं समय पर पहचान के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित करने तथा चिन्हित मरीजों को समय पर आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराने को कहा गया।
मलेरिया, फाइलेरिया एवं डेंगू जैसे मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए नियमित सर्वे एवं जांच अभियान संचालित करने, संभावित मरीजों की समय पर पहचान एवं जांच तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वच्छता, जलजमाव की रोकथाम, मच्छरदानी के उपयोग एवं अन्य आवश्यक नियंत्रणात्मक उपायों के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
सभी स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी रूप से संचालित करते हुए निर्धारित आयु वर्ग एवं पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। टीकाकरण से छूटे हुए लाभुकों की पहचान कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा टीकाकरण कार्यक्रम की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण करने को कहा गया।
उपायुक्त ने डायरिया सहित अन्य मौसमी एवं संचारी रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा लोगों को स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजनों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर, आईईसी गतिविधियों, सूचना एवं प्रचार सामग्री तथा अन्य उपलब्ध माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने को कहा गया, ताकि पात्र लाभुकों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने सभी एमओआईसी को नियमित क्षेत्र भ्रमण एवं स्वास्थ्य संस्थानों के अनुश्रवण के माध्यम से जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्रों की वास्तविक आवश्यकताओं की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण किया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि बीमारी की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार, परामर्श, जनजागरूकता एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य एवं जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसलिए प्रत्येक चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी की जिम्मेदारी है कि वे अपने कार्यक्षेत्र में संवेदनशीलता, समयबद्धता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें और स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार लाने, उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करने, आवश्यक दवा एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आमजनों को बेहतर, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए उत्साह, प्रतिबद्धता एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
