
सरायकेला-: झारखंड और राजस्थान के बीच रेल संपर्क को मजबूत करते हुए टाटानगर से जयपुर के बीच नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया गया। शनिवार शाम रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को टाटानगर से रवाना किया।
इस नई ट्रेन के शुरू होने से न केवल झारखंड, बल्कि बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक जाने वाले हजारों यात्रियों को सीधी और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी। विशेषकर धार्मिक पर्यटन के लिहाज से यह ट्रेन बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

*1677 किलोमीटर का सफर, 23 प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव -*

रेलवे के अनुसार यह ट्रेन लगभग 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसका रूट टाटानगर से शुरू होकर चांडिल जंक्शन, पुरुलिया जंक्शन, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टुंडला, आगरा फोर्ट, बांदीकुई और दौसा होते हुए जयपुर पहुंचेगी।
इससे चांडिल, ईचागढ़, कुकड़ू, नीमडीह और पुरुलिया क्षेत्र के लोगों को उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है।
*चांडिल जंक्शन पर उत्सव जैसा माहौल -*
सोमवार शाम करीब 4 बजे दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के अधीन चांडिल जंक्शन पर उत्सव जैसा माहौल रहा। भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और श्याम भक्त स्टेशन पर मौजूद रहे। ट्रेन के पहुंचते ही लोको पायलट का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया और हरी झंडी दिखाकर जयपुर के लिए रवाना किया गया।
चांडिल से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए विशेष पास की व्यवस्था की गई थी। पहले दिन कई यात्री सपरिवार इस ट्रेन से खाटू श्याम के दर्शन के लिए रवाना हुए।
*क्या बोले भाजपा नेता और यात्री -*
पप्पू वर्मा, जिला मंत्री, भाजपा ने कहा, “रेल मंत्रालय की ओर से यह बहुत बड़ा सौगात हमारे विधानसभा के साथ-साथ पूरे प्रदेश को मिला है। हम सभी चांडिल वासी बेहद खुश हैं। राजस्थान धार्मिक नगरी है। हम सभी सनातन संस्कृति को मानने वाले हैं। अब हम सीधे यहां से बैठकर खाटू श्याम, सालासर बालाजी, जीण माता जैसे धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री और जमशेदपुर के सांसद को बहुत-बहुत धन्यवाद।”
सारथी महतो, जिला उपाध्यक्ष, भाजपा ने कहा, “टाटानगर से खाटू श्याम राजस्थान के लिए यह ट्रेन रवाना हुई है। चांडिल स्टेशन पर हमने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को विदा किया। यह क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है।”
संजय शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार ने कहा, “पूरे क्षेत्र के श्याम भक्तों के लिए यह बड़ी सुविधा है। पहले जयपुर जाने के लिए कई ट्रेनें बदलनी पड़ती थीं। अब सीधी ट्रेन से बाबा के दरबार तक जा सकेंगे। यह पहली बार टाटानगर से जयपुर के लिए ट्रेन खुली है, इसलिए हममें काफी उत्साह है। मैं इस बार परिवार के चार सदस्यों के साथ जा रहा हूं, ताकि और लोगों को भी जाने की प्रेरणा मिले।”
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन के नियमित संचालन से व्यापार, पर्यटन और रोजगार के लिहाज से भी क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
