

धनबाद, 6 अगस्त। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ गोबिंदपुर एवं लाडो रानी (लायन डॉ. साधना) के संयुक्त तत्वावधान में भूईफोड़ हीरक रोड, CCWO कॉलोनी, धनबाद में स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, नवमाताओं एवं महिलाओं को स्तनपान के महत्व, सही तकनीक तथा इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत में लायन डॉ. रामानुज ने सभी उपस्थित अतिथियों, महिलाओं एवं क्लब सदस्यों का स्वागत किया। इसके पश्चात लायन डॉ. साधना ने स्तनपान के महत्व, माँ एवं शिशु के स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभाव, सही स्तनपान तकनीक तथा इससे जुड़े विभिन्न वैज्ञानिक तथ्यों की विस्तृत जानकारी उपस्थित महिलाओं को दी। उन्होंने बताया कि माँ का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम एवं संपूर्ण आहार है, जो उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत बनाता है।

लायंस क्लब ऑफ गोबिंदपुर के अध्यक्ष लायन ईसा शमीम ने इस महत्वपूर्ण जनजागरूकता कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए लायन डॉ. साधना एवं लायन डॉ. रामानुज का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने दोनों को स्वामी विवेकानंद की प्रेरणादायी पुस्तक भेंट कर सम्मानित करते हुए समाजहित में उनके योगदान की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं और लायंस क्लब भविष्य में भी समाजोपयोगी सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।

कार्यक्रम में क्लब के पूर्व अध्यक्ष लायन अनुराग प्रदीप की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के अंत में क्लब के सचिव लायन राकेश कुमार ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, उपस्थित महिलाओं एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
यह कार्यक्रम महिलाओं में स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में लायंस क्लब ऑफ गोबिंदपुर की एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
