• Fri. Jul 31st, 2026

वार्ड 45 में नाली का ‘चमत्कारी’ निर्माण: कुछ ही महीनों में हो गई धड़ाम, पार्षद मेघा देवी ने नगर आयुक्त को लिखा कड़ा पत्र

admin's avatar

Byadmin

Jul 31, 2026
crescent ad

 

झरिया : धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 45 में इन दिनों इंजीनियरिंग का एक ऐसा नायाब नमूना देखने को मिल रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। यहाँ मारवाड़ी स्कूल और के.सी. गर्ल्स स्कूल के पास बनी नाली ने महज कुछ ही महीनों में ‘घुटने टेकने’ शुरू कर दिए हैं। जनता को उम्मीद थी कि इस नाली के बनने से इलाके की तस्वीर सुधरेगी, लेकिन यहाँ तो नाली खुद ही अपनी तकदीर और तस्वीर दोनों बदलने में लगी है और जगह-जगह से धड़ाम होकर धराशायी हो रही है।

 

घटिया सामग्री और लीपापोती के गंभीर आरोप…

 

स्थानीय नागरिकों और वार्ड की पार्षद श्रीमती मेघा देवी ने इस निर्माण कार्य में जमकर भ्रष्टाचार और अनियमितता का आरोप लगाया है। पार्षद प्रतिनिधि पिंकू चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में बेहद घटिया किस्म की बालू का धड़ल्ले से इस्तेमाल हुआ है। नियमों को ताक पर रखकर 1-6 का मसाला तैयार किया गया और लोकल कंपनी की घटिया छड़ों का प्रयोग कर निर्माण की मजबूती की धज्जियां उड़ाई गई। हैरानी की बात तो यह है कि इतनी बड़ी गड़बड़ी की जानकारी देने के बावजूद विभागीय अधिकारी कुंभकर्णी नींद सोए हुए हैं।

पिंकू चंद्रवंशी ने बताया कि इस गंभीर अनियमितता की सूचना जूनियर इंजीनियर को 4-5 बार फोन पर दी गई। इसके अलावा असिस्टेंट इंजीनियर को भी एक बार सूचित किया गया। बावजूद इसके, विभाग का कोई भी जिम्मेदार नुमाइंदा मौके पर झांकने तक नहीं पहुँचा।

जनता का साफ कहना है कि अगर इस सरकारी धन की बर्बादी में किसी स्तर पर ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ ऐसी मिसाल पेश करने वाली कार्रवाई होनी चाहिए कि दोबारा कोई ऐसी ‘अमरबेल’ नाली बनाने की जुर्रत न करे। क्षेत्र की जनता और पार्षद के तेवर तीखे हैं।

पार्षद मेघा देवी ने नगर आयुक्त और नगर महापौर को आधिकारिक पत्र लिखकर मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष उच्च-स्तरीय जाँच कराई जाए। लापरवाही बरतने वाले दोषी अधिकारियों और ठेकेदार पर सख्त कानूनी डंडा चलाया जाए। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस टूटी हुई नाली पर पर्दा डालते हैं या फिर वाकई कोई ठोस और कड़ी कार्रवाई करते हैं।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *