
*चाईबासा:* भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत सिंहभूम प्रमंडलीय आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने बुधवार को चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान केंद्र संख्या 96, 97, 106 एवं 107 का भ्रमण कर बूथ लेवल पदाधिकारियों (बीएलओ) द्वारा संचालित पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, घर-घर सत्यापन अभियान, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन, त्रुटि सुधार तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रपत्रों के संधारण की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रमंडलीय आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न की जाए। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर गंभीरता से सत्यापन कार्य करने तथा निर्धारित प्रपत्रों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतनता स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त के सचिव, संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी, बूथ लेवल पदाधिकारी एवं अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ संपन्न करने पर जोर दिया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
