
चाईबासा, 03 अगस्त 2026: कोल्हान विश्वविद्यालय सभागार में सोमवार को आयोजित सम्मान समारोह में परख ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं है और सफलता के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशापान एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, नियमित रूप से विद्यालय जाने, समूह अध्ययन को अपनाने तथा डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग कर अपनी पढ़ाई को बेहतर बनाने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के भविष्य की मजबूत नींव होती हैं। इसलिए सभी छात्र-छात्राएं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए पूरी लगन और समर्पण के साथ परीक्षा की तैयारी करें। उन्होंने समय के सदुपयोग, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम को सफलता की वास्तविक कुंजी बताया।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों को ‘प्रोजेक्ट चेंज’ की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशामुक्ति, तंबाकू निषेध, स्वच्छता, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, बाल विवाह और बाल शोषण की रोकथाम, टीबी उन्मूलन, कुपोषण, वृक्षारोपण, कौशल विकास तथा रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समाज को जागरूक किया जा रहा है।
समारोह में परख ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 315 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही जानकारी दी गई कि अगले चरण में ओलंपियाड के शीर्ष 500 विद्यार्थियों के लिए विषयवार परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिससे उनकी शैक्षणिक क्षमता का बेहतर मूल्यांकन एवं मार्गदर्शन किया जा सके।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस, गोपनीय उपसमाहर्ता, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
