• Sat. Jun 6th, 2026

पंचायत सचिवालय और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

admin's avatar

Byadmin

Jun 6, 2026
crescent ad

 

 

*चाईबासा, 06 जून 2026*: पश्चिमी सिंहभूम जिले में ग्रामीण आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने तथा आमजनों को बेहतर सरकारी एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने शनिवार को सोनुवा प्रखंड के आसनतलिया पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत सचिवालय के सुदृढ़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का भी जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय भवन में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, कार्यालय संचालन व्यवस्था एवं चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि पंचायत सचिवालय ग्रामीणों के लिए एक सुलभ एवं प्रभावी सेवा केंद्र के रूप में विकसित हो सके।

 

उपायुक्त ने कहा कि पंचायत सचिवालय ग्रामीण प्रशासन की महत्वपूर्ण इकाई है, जहां लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिलता है। ऐसे में यहां सभी आवश्यक सुविधाओं का बेहतर होना जरूरी है, जिससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

इसके बाद उपायुक्त ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आसनतलिया का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने मरीजों के पंजीकरण, दवा उपलब्धता, प्रसव सेवाओं एवं अन्य चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने, प्रसव सुविधाओं का विस्तार करने तथा आवश्यक चिकित्सकीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों के प्रति आमजनों का विश्वास बनाए रखने के लिए सेवा व्यवस्था को संवेदनशील, प्रभावी और जनकेंद्रित बनाना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता, कर्मियों की नियमित उपस्थिति और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

 

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड प्रशासन के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *