• Wed. Mar 11th, 2026

निरसा: बीपीएचयू भवन निर्माण में धांधली का आरोप, जिप सदस्य से बदसलूकी पर गरमाया मामला

admin's avatar

Byadmin

Mar 11, 2026

 

 

संवाददाता, निरसा (नरेश विश्वकर्मा): निरसा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पाण्ड्रा मोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में निर्माणाधीन बीपीएचयू (BPHU) भवन भ्रष्टाचार और विवादों के घेरे में आ गया है। आवास विभाग द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य में घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग और संवेदक की मनमानी को लेकर स्थानीय स्तर पर भारी आक्रोश है। मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब निरीक्षण करने पहुंची जिला परिषद सदस्य दीपावली रोहिदास के साथ संवेदक द्वारा कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया।

ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला परिषद सदस्य दीपावली रोहिदास ने निर्माण स्थल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि भवन की नींव और सोइल फिलिंग में नियमों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर एमपीएल के फ्लाई ऐश का उपयोग किया गया है। इसके अलावा निर्माण में निम्न श्रेणी की बांग्ला ईंटों और स्थानीय कंपनी के घटिया सरिया के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। जिप सदस्य का कहना है कि उन्होंने दस दिन पूर्व भी विभाग को इस गड़बड़ी की सूचना दी थी, लेकिन सुधार के बजाय कार्य उसी पुराने ढर्रे पर जारी रहा।

मंगलवार को जब जिप सदस्य दोबारा स्थल पर पहुँचीं और संवेदक से कार्य की गुणवत्ता, सूचना पट्ट (साइन बोर्ड) की अनुपलब्धता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सूचित न करने पर सवाल किए, तो संवेदक आक्रोशित हो गए।

आरोप है कि संवेदक ने अपनी ऊंची पहुंच का धौंस दिखाते हुए न केवल अपशब्द कहे, बल्कि डीसी, सीएम और पीएम तक से शिकायत करने की चुनौती दे डाली।

संवेदक ने जनप्रतिनिधि पर ‘वसूली’ का अनर्गल आरोप भी मढ़ा। इस पूरे घटनाक्रम के बाद दीपावली रोहिदास ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एमपीएल ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराने और संबंधित विभाग से दोषी संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की मांग करने की बात कही है। दूसरी ओर, इस गंभीर मामले पर पक्ष जानने के लिए जब संवेदक से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन का कोई जवाब नहीं दिया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *