
नवीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र के मंगल बाजार स्थित रंगोली गारमेंट्स नामक रेडीमेड कपड़ा की दुकान में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। अहले सुबह दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे और दुकान का बोर्ड क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे दुकानदारों में भय और आक्रोश का माहौल है। दुकान के मालिक शेर मोहम्मद उर्फ पप्पू ने बताया कि रविवार की रात्रि दुकान बंद कर जाते समय सब कुछ सामान्य था।

सोमवार की सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान के बोर्ड पर दोनों ओर लगे सीसीटीवी कैमरे टूटे हुए हैं और दुकान का बोर्ड भी क्षतिग्रस्त है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब चार बजे भोर में जब वे मंदिर जा रहे थे, उस समय गली में सब कुछ ठीक था, लेकिन मंदिर से वापस लौटने पर दुकान के नीचे बोर्ड के टूटे हुए टुकड़े बिखरे पड़े थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि यह घटना सुबह चार से पांच बजे के बीच अंजाम दी गई है।
घटना की सूचना दुकानदार द्वारा तत्काल डायल 112 पुलिस टीम को दी गई। सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। 112 टीम में शामिल एएसआई दिनेश कुमार राय ने बताया कि दुकानदार को थाने में लिखित आवेदन देने की सलाह दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की समुचित कानूनी कार्रवाई करेगी। दुकान मालिक शेर मोहम्मद उर्फ पप्पू ने बताया कि उन्होंने थाना में
लिखित आवेदन देकर मामले की गहन जांच कराने, दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद मंगल बाजार क्षेत्र के दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी को और सुदृढ़ करने की मांग की है। मामले में नवीनगर थानाध्यक्ष मृतंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले में जांच पडताल की जा रही है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
