
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत को लेकर रविवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने अम्बा–नवीनगर मुख्य सड़क को जाम कर दिया और तान्या इंडेन गैस एजेंसी के कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के कार्यालय बंद कर दिया जाता है। इससे लोगों को पर्ची कटाने में काफी दिक्कत होती है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस सिलेंडर लेने के लिए उन्हें 10 से 12 घंटे तक लंबी कतार में खड़ा रहना पड़ता है।उपभोक्ताओं का कहना है कि जिन लोगों का डीएसी नंबर आ चुका है, उन्हें भी बिना पर्ची के गैस नहीं दी जा रही है।
एजेंसी पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने कहा कि कर्मचारियों का रवैया पूरी तरह से उदासीन है और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि बाजार में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है, जहां एक सिलेंडर 1500 से 2000 रुपये तक में बेचा जा रहा है। ऐसे में आम जनता को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
एक ओर जहां जिला प्रशासन और सरकार द्वारा जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नवीनगर में गैस के लिए लोगों को रात से ही गोदाम के बाहर लाइन लगानी पड़ रही है।
इससे प्रशासनिक दावों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इसके बाद यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
