
धनबाद : झारखंड विधानसभा के पूर्व सदस्य संजीव सिंह ने धनबाद नगर निगम चुनाव-2026 में मेयर प्रत्याशी बनने की इच्छा जाहिर की है। इस संबंध में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को पत्र लिखकर अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है।

पत्र में संजीव सिंह ने स्वयं को पार्टी का निष्ठावान, अनुशासित एवं समर्पित सिपाही बताते हुए कहा है कि वे संगठन, विचारधारा एवं राष्ट्रसेवा के प्रति शुरू से प्रतिबद्ध रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है, तो वे नगर के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगे।

उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक अनुभव का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका परिवार लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहा है। उनके पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह चार बार विधायक रह चुके हैं, वहीं माता कुंती देवी भी दो बार विधायक रह चुकी हैं। वर्तमान में उनकी धर्मपत्नी रागिनी सिंह झरिया विधानसभा से विधायक के रूप में जनसेवा कर रही हैं।
संजीव सिंह ने यह भी उल्लेख किया कि वे वर्तमान में बीसीसीएल से जुड़े श्रमिक संगठनों के माध्यम से मजदूरों के हित, अधिकार एवं सामाजिक-आर्थिक कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं, जिससे उन्हें जमीनी स्तर पर जनसमस्याओं की गहरी समझ है।
उन्होंने पत्र के माध्यम से पार्टी नेतृत्व से मार्गदर्शन एवं समर्थन की अपील करते हुए कहा कि वे संगठन के हर निर्णय और निर्देश का पालन करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।
राजनीतिक गलियारों में संजीव सिंह की इस दावेदारी के बाद धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
