• Sat. Feb 21st, 2026

चाईबासा : उप विकास आयुक्त ने तांतनगर प्रखंड में विकास योजनाओं का किया स्थल निरीक्षण, सखी मंडल दीदियों को किया प्रोत्साहित

admin's avatar

Byadmin

Feb 21, 2026

 

 

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार ने तांतनगर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोकचो, तांतनगर एवं काठभारी में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्थल निरीक्षण के क्रम में जे.एस.एल.पी.एस सखी मंडल की महिलाओं द्वारा एक एकड़ में की जा रही तरबूज एवं एक एकड़ में स्ट्रॉबेरी की खेती का अवलोकन किया गया। साथ ही तांतनगर प्रखंड परिसर में सखी मंडल दीदियों द्वारा संचालित मसाला उत्पादन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। उप विकास आयुक्त ने आत्मनिर्भर एवं सशक्त महिलाओं की सराहना करते हुए अन्य स्वयं सहायता समूहों को भी इस मॉडल को अपनाने का सुझाव दिया। निरीक्षण के दौरान मनरेगा अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना, ग्रामीण विकास विभाग के तहत निर्माणाधीन अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण की स्थिति का जायजा लिया गया। लाभुकों को कार्य में तेजी लाने एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त जलछाजन योजना के तहत एस.सी.टी. एवं विभिन्न कृषि विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने 15वें वित्त आयोग से निर्मित कोकचो पंचायत भवन एवं संचालित ज्ञान केंद्र का निरीक्षण कर बेहतर संचालन हेतु निर्देश दिए। वहीं काठभारी पंचायत में संचालित कल्याण गुरुकुल का भी भ्रमण किया गया, जहां प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता की जानकारी ली गई।

प्राथमिक विद्यालय काठभारी में निर्माणाधीन दो कमरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित क्रियान्वयन एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के उपरांत तांतनगर प्रखंड सभागार में मनरेगा एवं आवास योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर संबंधित पंचायतों के मुखिया, सहायक अभियंता, एन.आर.ई.पी., जिला परिषद चाईबासा, लघु सिंचाई प्रमंडल, मनरेगा एवं अन्य विभागों के कनीय अभियंता एवं क्रियान्वयन एजेंसियों के कर्मी उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *