
उपायुक्त, सरायकेला -खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा आज जिले के तीन अलग-अलग प्रखंडों में स्थित प्रमुख पर्यटन स्थलों का स्थल निरीक्षण किया गया। इस क्रम में कुचाई प्रखंड अंतर्गत करकेट्टा डैम, खरसावाँ प्रखंड अंतर्गत शिव मंदिर तथा राजनगर प्रखंड अंतर्गत भीमखंदा का निरीक्षण कर संबंधित स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिला पर्यटन पदाधिकारी सह जिला खेल पदाधिकारी श्री अमित कुमार को उक्त पर्यटन स्थलों के विकास तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक कार्यों का आकलन कर विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पर्यटन स्थल की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक विशेषता एवं धार्मिक-ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए विकास संबंधी प्रस्ताव तैयार किए जाएं। इसके तहत पर्यटकों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं, बैठने एवं विश्राम करने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, शौचालय, पार्किंग तथा पहुंच पथ जैसी सुविधाओं की आवश्यकता का आकलन किया जाए।

साथ ही, पर्यटन स्थलों की प्रकृति एवं उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग, लैंडस्केपिंग, व्यू-प्वाइंट, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं पर्यटकों के मनोरंजन से संबंधित सुविधाओं के विकास की संभावनाओं पर भी प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों को विकसित करने का उद्देश्य पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जिले में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। पर्यटन स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं का विकास होने से इन स्थलों के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थल की आवश्यकता एवं व्यावहारिकता के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान जिला खेल पदाधिकारी श्री अमित कुमार, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
