• Thu. Jun 11th, 2026

अपर उपायुक्त की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन समीक्षा बैठक सम्पन्न

admin's avatar

Byadmin

Jun 11, 2026
crescent ad

 

 

सरायकेला – उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आंतरिक संसाधन (Internal Resource) से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

 

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु निर्धारित राजस्व संग्रहण लक्ष्यों, आंतरिक संसाधनों की वृद्धि, विभिन्न विभागों द्वारा राजस्व प्राप्ति की स्थिति तथा लक्ष्य प्राप्ति हेतु की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। अपर उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए राजस्व वृद्धि के नए अवसरों की पहचान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए राजस्व प्राप्ति से संबंधित मामलों की नियमित समीक्षा करें तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु ठोस कार्ययोजना के साथ कार्य करें।

 

नगर निकाय क्षेत्रों में राजस्व संसाधनों के सुदृढ़ीकरण के संबंध में अपर उपायुक्त ने विज्ञापन (Advertisement) के दायरे का विस्तार करने, उपलब्ध स्थलों का चिन्हांकन करने तथा विज्ञापन शुल्क के माध्यम से राजस्व प्राप्ति में वृद्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही नगर निकायों को अन्य संभावित राजस्व स्रोतों की पहचान कर उनकी क्षमता के अनुरूप संग्रहण बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

 

परिवहन विभाग की समीक्षा के क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी को अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने तथा सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही नियमित वाहन जांच अभियान संचालित करने, सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी लाइसेंसी शराब दुकानों का नियमित एवं औचक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर शराब की बिक्री न हो, किसी भी प्रकार की अनधिकृत अथवा बाहरी मदिरा की बिक्री न की जाए तथा विभागीय प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान अपर उपायुक्त ने राजस्व संग्रहण में वृद्धि हेतु बकाया वसूली अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को विधिसम्मत विद्युत कनेक्शन लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए तथा बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं वाणिज्यिक संस्थानों में विशेष जांच अभियान संचालित कर विद्युत चोरी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही बिजली उपयोग से संबंधित नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी बल दिया गया।

 

खनन विभाग को अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध नियमित निगरानी एवं सघन जांच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया। अपर उपायुक्त ने कहा कि राजस्व क्षति रोकने हेतु संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा विधिसम्मत खनन गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जाए।

 

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि राजस्व प्राप्ति से जुड़े सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्राधिकार में लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाएं, कर एवं शुल्क संग्रहण की नियमित समीक्षा करें तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु मासिक कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। अपर उपायुक्त ने कहा कि आंतरिक संसाधनों में वृद्धि राज्य के विकासात्मक कार्यों के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग राजस्व संग्रहण को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें।

 

बैठक के अंत में अपर उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को राजस्व संग्रहण, संसाधन सुदृढ़ीकरण एवं प्रवर्तन संबंधी कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *