
सिंदरी कॉलेज के इतिहास में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। क्षेत्र के छात्र-छात्राओं की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए माननीय विधायक श्री चन्द्रदेव महतो ने कॉलेज परिसर में स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ आयोजित इस गरिमामय समारोह में भारी संख्या में छात्र-छात्राएं इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

क्रांतिकारी कदम और मील का पत्थर:

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक चन्द्रदेव महतो ने कहा कि सिंदरी कॉलेज में पी.जी. की पढ़ाई शुरू होना क्षेत्र के शैक्षणिक विकास के लिए एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा, “अब छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए धनबाद या अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे विशेषकर गरीब और मेधावी छात्रों का आर्थिक बोझ कम होगा।”
लाइब्रेरी और महिला कॉलेज की बड़ी सौगात:
विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए विधायक ने दो बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कॉलेज में एक आधुनिक एवं सुसज्जित लाइब्रेरी के निर्माण का वादा किया। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि भूमि उपलब्ध होती है, तो सिंदरी में एक समर्पित महिला कॉलेज की स्थापना की जाएगी, ताकि बेटियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।
कॉलेज प्रशासन की योजना:
कॉलेज प्रशासन ने जानकारी दी कि प्रथम चरण में चयनित विषयों के साथ पीजी की कक्षाएं शुरू की जा रही हैं, जिसका भविष्य में अन्य विषयों तक विस्तार किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं अन्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
अवसर पर राजा राम रजक, बबलू महतो, मंगल महतो, दिनेश सिंह, राजीव मुखर्जी, विमल रवानी, गुरिंची महतो, सहदेव सिंह, रोहित महतो, चंदन भूमिहार, विवेक महतो, गोपाल महतो, राजू बावरी सहित कॉलेज के शिक्षक, अभिभावक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
संवाददाता: चंचल गोस्वामी
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
