
चक्रधरपुर।। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय चक्रधरपुर के विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा छठी से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक विचारों को गंभीरता से सुना।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से दूर रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा सकारात्मक सोच के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का केवल एक चरण है, इससे भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों ने बताया कि प्रधानमंत्री के विचारों से उन्हें परीक्षा के प्रति नया दृष्टिकोण मिला है और अब वे अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी तैयारी कर सकेंगे। शिक्षकों ने भी छात्रों को कार्यक्रम से मिले संदेशों को अपने दैनिक अध्ययन जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य विश्वनाथ हांसदा ने इस राष्ट्रीय स्तर के प्रेरणादायक कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केन्द्रीय विद्यालय संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के मानसिक सशक्तिकरण और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण सकारात्मक, प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण बना रहा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
